आरा/आशुतोष पाण्डेय
आरा, 06 जून 2026। एस.बी. कॉलेज (आरा) प्रशासन ने स्नातक सेमेस्टर-1 (सत्र 2023-27) में नामांकित अनुसूचित जाति (SC) एवं अनुसूचित जनजाति (ST) वर्ग के छात्र-छात्राओं के लिए नामांकन शुल्क वापसी की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी है। इस संबंध में कॉलेज प्रशासन द्वारा कार्यालय आदेश जारी कर आवश्यक दस्तावेज जमा करने का निर्देश दिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार शुल्क वापसी के लिए विद्यार्थियों को बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति, पंजीयन कार्ड की छायाप्रति तथा भरा हुआ आवेदन पत्र जमा करना होगा। प्राप्त दस्तावेजों के सत्यापन के बाद नामांकन शुल्क की राशि संबंधित छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में हस्तांतरित की जाएगी।
महाविद्यालय प्रशासन ने बताया कि इच्छुक छात्र-छात्राएं प्रधानाचार्य कक्ष के बगल स्थित कंप्यूटर कक्ष से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। आवेदन पत्र आवश्यक अभिलेखों के साथ अमित कुमार मिश्रा के पास आगामी 30 जून 2026 तक जमा करना अनिवार्य होगा।
आवेदन जमा करने का समय प्रतिदिन सुबह 11:30 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। कॉलेज प्रशासन के अनुसार आवेदन प्राप्त होने के बाद लेखा शाखा द्वारा सात कार्य दिवसों के भीतर राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
महाविद्यालय ने सभी पात्र छात्र-छात्राओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।



