भोजपुर- कटहल गिरने से रिटायर्ड आर्मी जवान की मौत, घर मे मचा कोहराम!

SHARE:

आरा/आशुतोष पाण्डेय!

इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में तोड़ा दम

पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में कराया पोस्टमार्टम

आयर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में गुरुवार की सुबह घटी घटना

आरा। जिले के आयर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव में गुरुवार की सुबह कटहल गिरने से रिटायर्ड आर्मी जवान की मौत हो गई। इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाने के दौरान उन्होंने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना को लेकर लोगों के बीच अफरा-तफरी का आलम रहा। जानकारी के अनुसार मृतक आयर थाना क्षेत्र के श्रीपुर गांव निवासी स्व. भिखारी सिंह के 59 वर्षीय पुत्र संतोष कुमार सिंह है। वह रिटायर्ड आर्मी जवान थे एवं वर्तमान में जगदीशपुर अनुमंडलीय अस्पताल में प्राइवेट गार्ड के रूप में कार्यरत थे। इधर, मृतक के बड़े बेटे अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि गुरुवार की सुबह वह बगीचे में घूमने गए हुए थे। तभी कटहल के पेड़ का डाल कटहल समेत टूट कर उनके सीने पर गिर पड़ा। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पाकर परिजन फौरन वहां पहुंचे और उन्हें इलाज के लिए जगदीशपुर स्थित निजी अस्पताल से आरा सदर अस्पताल ले आए। जहां चिकित्सक ने देख उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन ने इसकी सूचना टाउन थाना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाया। बताया जाता है कि मृतक वर्ष 2013 में उत्तर प्रदेश के मेरठ से आर्मी से रिटायर्ड हुए थे। उनके परिवार में पत्नी विमला देवी व तीन पुत्र अभिषेक कुमार सिंह, आदित्य कुमार सिंह, आशीष कुमार सिंह एवं एक पुत्री रिंकी कुमारी है। घटना के बाद मृतक के घर में कोहराम मच गया है। इस घटना के बाद मृतक की पत्नी विमला देवी एवं परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Join us on: