रिपोर्ट -पंकज कुमार
जहानाबाद पुलिस को आपराधिक मामलों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने मानव तस्करी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के बेहद गंभीर मामले में लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है. इस गिरफ्तारी को पुलिस बड़ी सफलता मान रही है जहानाबाद पुलिस अधीक्षक (एसपी) अपराजित लोहान के निर्देशन में फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टेहटा थाना पुलिस ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया है.पुलिस के हत्थे चढ़ा मानव तस्करी, दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट का मुख्य अभियुक्त नागेंद्र कुमार उर्फ भोला साल 2023 से ही लगातार फरार चल रहा था. इस अत्यंत गंभीर कांड के नामजद अभियुक्त की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लंबे समय से संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी. आरोपी के खिलाफ जिले के टेहटा थाने में ‘टेहटा थाना कांड संख्या- 694/23’ के तहत मामला दर्ज कराया गया था.पकड़े गए अभियुक्त नागेंद्र कुमार उर्फ भोला के विरुद्ध भारतीय दंड विधान (IPC) की विभिन्न संगीन धाराओं (अपहरण, दुष्कर्म, मानव तस्करी), पॉक्सो एक्ट (नाबालिग का यौन शोषण) और अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम (ITPA) के तहत अत्यंत गंभीर आरोप दर्ज हैं. वह इलाके में युवतियों और नाबालिगों के साथ इस तरह के अपराधों को अंजाम देने वाले सिंडिकेट का मुख्य चेहरा माना जा रहा था.मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त नागेंद्र कुमार को सदर अस्पताल जहानाबाद में अनिवार्य चिकित्सीय परीक्षण (मेडिकल टेस्ट) कराने के उपरांत माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया. अदालत के आदेश पर उसे न्यायिक अभिरक्षा (जेल) में भेज दिया गया है. पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से फरार अपराधियों में हड़कंप मच गया है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस सफलता की सराहना की है. पुलिस का साफ तौर पर कहना है कि जो भी गंभीर आरोप के फरार अभियुक्त एवं वारंटी हैं उनके गिरफ्तारी के लिए पुलिस विशेष अभियान चला रखा है।




