बेगूसराय – जिलाधिकारी ने नए फायर फोम टेंडर वाहन का किया लोकार्पण!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बेगूसराय जिले में अग्निशमन सेवाओं को आधुनिक, सुदृढ़ एवं अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत समाहरणालय परिसर में नए फायर फोम टेंडर वाहन का लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी श्री श्रीकांत शास्त्री एवं जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बेगूसराय ने संयुक्त रूप से वाहन को हरी झंडी दिखाकर विधिवत रवाना किया।

इस अवसर पर सहायक जिला अग्निशमन पदाधिकारी श्री रविन्द्र कुमार, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्वेता कुमारी, अनुमंडल अग्निशमन पदाधिकारी श्री रमेश कुमार सहित अन्य पदाधिकारी एवं अग्निशमन कर्मी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं उपस्थित अधिकारियों ने नए वाहन का निरीक्षण किया तथा उसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी प्राप्त की। अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इस फायर फोम टेंडर के शामिल होने से जिले में अग्निकांड एवं अन्य आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित, प्रभावी एवं सुरक्षित अग्निशमन कार्रवाई सुनिश्चित हो सकेगी।

जिला अग्निशमन पदाधिकारी विनोद कुमार यादव ने बताया कि यह विशेष फायर फोम टेंडर पेट्रोलियम उत्पादों, रासायनिक आग तथा अन्य ज्वलनशील पदार्थों से संबंधित अग्निकांड पर नियंत्रण के लिए अत्यंत उपयोगी है। वाहन में 2500 लीटर क्षमता का फोम टैंक उपलब्ध है तथा रात्रिकालीन अग्निशमन कार्यों को सुगम बनाने हेतु लाइटिंग टावर की भी व्यवस्था की गई है, जिससे अंधेरे में भी प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकेंगे।

उन्होंने बताया कि जिला कार्यालय, बेगूसराय की मांग पर मुख्यालय गृह रक्षा वाहिनी एवं अग्निशमन सेवाएँ, बिहार, पटना द्वारा यह अत्याधुनिक वाहन जिले को आवंटित किया गया है।

यह नया फायर फोम टेंडर न केवल जिले की अग्निशमन क्षमता को मजबूत करेगा, बल्कि नागरिकों को आधुनिक, त्वरित एवं बेहतर आपदा राहत सेवाएँ उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

Join us on: