मुजफ्फरपुर – कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की अज्ञात बंदूकधारियों ने की गोली मारकर हत्या!

SHARE:

रिपोर्ट – संतोष तिवारी!

मुजफ्फरपुर के नगर थाना क्षेत्र के अमर सिनेमा रोड स्थित छोटी कल्याणी के पास आईकॉन टावर के सामने रविवार को कुख्यात अपराधी गोविंद शर्मा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। अज्ञात अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इस वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
जानकारी के अनुसार, गोविंद शर्मा शहर के आईकॉन टावर में किराए के मकान में रह रहा था। रविवार को वह आईकॉन टावर के सामने मौजूद था, तभी अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक गोविंद शर्मा का नाम पूर्व मेयर समीर कुमार और प्रॉपर्टी डीलर आशुतोष शाही हत्याकांड समेत कई चर्चित मामलों में सामने आ चुका था। वह अपराध जगत का कुख्यात शूटर माना जाता था और हाल ही में जमानत पर बाहर आया था।
घटना की जानकारी मिलने के बाद एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सहित पुलिस के कई अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। एसएसपी ने बताया कि गोविंद शर्मा आधा दर्जन से अधिक आपराधिक मामलों में नामजद था और फिलहाल बेल पर था।
उन्होंने बताया कि हत्या में 9 एमएम पिस्टल का इस्तेमाल किया गया है। घटनास्थल से पुलिस ने पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपराधियों की गिरफ्तारी और कांड के उद्भेदन के लिए एसआईटी का गठन कर दिया गया है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और गैंगवार, पुरानी रंजिश तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं पर जांच कर रही है। एसएसपी ने कहा कि जल्द ही घटना में शामिल अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
शहर के बीचोंबीच हुई इस हत्या ने एक बार फिर अपराधियों के बढ़ते मनोबल और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है।

Join us on: