रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया
आज जिलाधिकारी खगड़िया श्री नवीन कुमार द्वारा विभिन्न प्रखंडों में औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत जांच की गई।
इस क्रम में हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, विद्यालयों, आंगनवाड़ी केंद्रों, सहयोग शिविरों की व्यवस्था, नल-जल योजना, स्ट्रीट लाइट योजना सहित अन्य योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा विभिन्न टोलों में भ्रमण कर बच्चों एवं स्थानीय लोगों से सीधे फीडबैक लिया गया। उनके द्वारा पूर्व में दिए गए निर्देशों के आलोक में बाल पंजी संधारण एवं शत-प्रतिशत नामांकन की स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई। साथ ही विद्यालयों में छात्रों की उपस्थिति, पुस्तक वितरण, मध्यान्ह भोजन व्यवस्था एवं शैक्षणिक गतिविधियों की भी जांच की गई।
आंगनवाड़ी केंद्रों पर बच्चों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई, निरीक्षण पंजिका के संधारण एवं नियमित संचालन की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई। कई केंद्रों पर बच्चों एवं अभिभावकों से संवाद स्थापित कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी प्राप्त की गई।
इसके अतिरिक्त हेल्थ एंड वेलनेस सेंटरों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, उपस्थिति पंजी एवं साफ-सफाई की स्थिति की भी जांच की गई। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य, शिक्षा एवं ICDS विभागों से संबंधित कई बिंदुओं पर अपेक्षित प्रगति एवं व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर जिलाधिकारी द्वारा गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक सुधारात्मक कार्ययोजना के साथ अगले दिन प्रातः 10 बजे उपस्थित होने का निर्देश दिया गया। साथ ही संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्टीकरण मांगे जाने हेतु भी निर्देशित किया गया।
सभी प्रखंडों के वरीय नोडल पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में योजनाओं की सतत निगरानी एवं नियमित जांच सुनिश्चित करने हेतु निर्देशित किया गया, ताकि योजनाओं का लाभ आमजन तक प्रभावी रूप से पहुंच सके।



