रिपोर्ट अनमोल कुमार
सुपौल। नगर पंचायत सिमराही राघोपुर स्थित प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय सिमराही बाजार के ओम शांति केन्द्र के सभागार में मातृ दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता राजयोगिनी बीके बबिता दीदी ने की। मुख्य अतिथि के रूप में इनकम टैक्स डिपार्टमेंट के असिस्टेंट मैनेजर दीपक कुमार दास तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में उप मुख्य पार्षद बिनीता देवी उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूपमें स्थानीय सेवा केंद्र प्रभारी राजयोगिनी बबीता दीदी, उप मुख्य पार्षद विनीता देवी, इनकम टैक्स के असिस्टेंट मैनेजर दीपक कुमार, ब्रह्माकुमार किशोर भाई जी, ब्रह्माकुमारी पूजा बहन, बिना बहन, निशिका बहन, रागिनी देवी, दौलत देवी इत्यादियों ने संगठित रूप में दीप प्रज्वल करके किया।
कार्यक्रम के अध्यक्षा ब्रह्माकुमारी राजयोगिनी बबीता दीदी ने अपने उदबोधन में कहा कि माँ केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि संस्कार, त्याग, करुणा और निस्वार्थ प्रेम की सजीव प्रतिमा होती है। माँ का हृदय सदैव क्षमा, ममता और सहनशीलता से भरा रहता है। उन्होंने कहा कि आज के समय में परिवार और समाज में आध्यात्मिक मूल्यों की स्थापना के लिए माताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। एक संस्कारी माँ ही श्रेष्ठ परिवार, श्रेष्ठ समाज और श्रेष्ठ राष्ट्र का निर्माण कर सकती है।
दीदी ने कहा कि जिस घर में माँ को सम्मान मिलता है, वहाँ सुख, शांति और समृद्धि स्वतः आती है। बच्चों के जीवन में अच्छे संस्कारों का बीजारोपण माँ ही करती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह अपनी माँ का सम्मान करे, उनकी भावनाओं को समझे और उनके बताए श्रेष्ठ मार्ग पर चले।
कार्यक्रम का संचालन ब्रह्माकुमार किशोर भाईजी ने किया। मौके पर ब्रह्माकुमारी बीना बहन, पूजा बहन, सुहानी बहन, शिव माताजी, ब्रह्माकुमार महेश भाईजी सहित अनेक सेवाधारी भाई-बहन एवं श्रद्धालु उपस्थित थे।
कार्यक्रम का वातावरण आध्यात्मिक उमंग, शांति एवं ईश्वरीय संदेशों से ओत-प्रोत रहा। अंत में सभी अतिथियों का सम्मान एवं ईश्वरीय प्रसाद वितरण किया गया।



