नवादा / सोनू सिंह ।
नवादा में 14 वर्षीय छात्र की निर्मम हत्या, तालाब में मिला शव; आंख फोड़कर मारने की आशंका, इलाके में उबाल
नवादा: बिहार के नवादा जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जिले के गोनावां इलाके में एक स्कूली छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। छात्र का शव गोनी पहाड़ के पास स्थित तालाब में तैरता हुआ मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है, वहीं ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।
मृतक की पहचान वंश राज (14 वर्ष) के रूप में हुई है, जो संतोष कुमार सिंह का पुत्र था और उच्च माध्यमिक विद्यालय, गोनावां का छात्र था। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की सुबह करीब 8 से 9 बजे के बीच वंश राज अपना बैग स्कूल में छोड़कर चार साथियों के साथ बाहर निकल गया था। इसके बाद वह लापता हो गया।
परिजनों और ग्रामीणों ने काफी खोजबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। शाम करीब 5 बजे उसके एक साथी ने जानकारी दी कि वंश राज का शव तालाब में है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और एक संदिग्ध साथी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। हालांकि पूछताछ के बाद उसे छोड़ दिया गया, जबकि दो अन्य साथी, जो उसके साथ स्कूल से निकले थे, फरार बताए जा रहे हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि वंश राज की बेरहमी से हत्या की गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि उसकी आंख फोड़कर हत्या की गई और बाद में शव को तालाब में फेंक दिया गया। इस घटना के बाद इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। परिजन हत्यारों की जल्द गिरफ्तारी की मांग को लेकर अड़े हुए हैं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल (FSL) टीम मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटा रही है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और मौत के सही कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
मुफ़्फ़सिल थाना प्रभारी (SHO) संजीत सिंह ने कहा:
जिस लड़के ने शव की सूचना दी थी, वह मृतक का दोस्त है। उसे हिरासत में लिया गया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया। उन्होंने कहा कि कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया था, ऐसे में नाबालिग को रात में थाने में नहीं रखा जा सकता।




