रिपोर्ट :- संतोष चौहान, सुपौल
सुपौल :- जिले के किशनपुर उत्तर पंचायत स्थित नवसृजित प्राथमिक विद्यालय कमलजारी पुनर्वास परिसर में बारिश के बाद दो फीट से अधिक जल जमाव होने से छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर में पानी का जमाव हो जाने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है, जबकि बच्चे गंदे पानी के बीच से होकर विद्यालय पहुंचने को मजबूर है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय कर्मियों द्वारा इस समस्या को लेकर कई बार विभाग को आवेदन दिया गया है लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार हर वर्ष बारिश के समय स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, जिसके कारण बच्चों की उपस्थिति पर सीधा असर पड़ता है। विद्यालय निर्माण के बाद से आज तक परिसर में जल जमाव की निकासी के लिए नाला का निर्माण नहीं किया गया है। जिसके चलते हल्की बारिश होते ही पानी एकत्र होकर विद्यालय परिसर में तालाब का रूप ले लेती है। कई-कई दिनों तक पानी नहीं सूखता है, जिसके चलते उस जमे हुए पानी से दुर्गंध फैलने लगती है। और मच्छरों का प्रकोप भी काफी बढ़ जाता है। इससे बच्चों में संक्रमण व अन्य बीमारियों का खतरा लगातार बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय के मुख्य द्वार के पास भी पानी जमा हो जाने से आने-जाने में कठिनाई होती है। कई बार बच्चे फिसलकर गिर भी जाते हैं। स्थानीय लोगों ने इस समस्या के तत्काल निदान के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों से मांग की है।



