रिपोर्ट :- संतोष चौहान
डीएम ने छातापुर प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण किया एवं जनगणना कार्य में प्रगणकों को शिथिल देख चिन्ता व्यक्त की
सुपौल :- जिलाधिकारी सावन कुमार ने गुरुवार को छातापुर प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
समीक्षा के क्रम में पाया गया कि अब तक 204 प्रगणकों द्वारा ऐप लॉगिन किए जाने के बावजूद ऑनलाइन गणना कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है। इस पर जिलाधिकारी द्वारा गंभीर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिलाधिकारी द्वारा प्रखंड अंतर्गत 23 पंचायतों में प्रतिनियुक्त पर्यवेक्षकों से सीधे एवं प्रभावी तरीके से कार्य संपादन सुनिश्चित कराने के संबंध में विस्तारपूर्वक निर्देश दिया गया। उन्होंने कहा कि पर्यवेक्षक नियमित रूप से प्रगणकों से समन्वय स्थापित कर कार्य की दैनिक निगरानी करें तथा किसी भी प्रकार की समस्या का त्वरित समाधान सुनिश्चित करें।
इसी क्रम में सर्वाधिक लंबित प्रविष्टि वाले पंचायत मधुबनी की विशेष समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि संबंधित पंचायत के पर्यवेक्षक को प्रतिदिन संध्या 4 बजे से 5 बजे के बीच बुलाकर कार्य प्रगति की समीक्षा की जाए तथा लंबित प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण कराया जाए।
साथ ही, जिलाधिकारी ने पर्यवेक्षक एवं संबंधित BAO से स्वयं वार्ता कर जनगणना कार्य में तेजी लाने तथा पर्यवेक्षकों द्वारा सतत मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।




