मुख्यमंत्री ने भाजपा के दीनदयाल प्रशिक्षण महाभियान का किया उद्घाटन!

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार!

-मुंगेर : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मंगलवार को हवाई मार्ग से मुंगेर पहुंचे। उनका हेलिकाप्टर सफियासराय हवाई अड्डे पर दोपहर 12.20 बजे लैंड किया। इसके बाद वे बबुआ घाट पर मुंगेर-भागलपुर गंगा पथ निर्माण से संबंधित समीक्षा बैठक में शामिल हुए। यहां उन्होंने पथ निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पाल, प्रमंडलीय आयुक्त प्रेम कुमार मीणा, डीएम निखिल धनराज निप्पाणीकर, विधायक कुमार प्रणय व नचिकेता मंडल आदि शामिल थे। इसके बाद वे बिहार योग विद्यालय के पादुका दर्शन पीठ पहुंचे तथा श्रीनिवास कल्याणोत्सवम आरती में शामिल हुए। उनके साथ उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी भी आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने स्वामी निरंजनानंद सरस्वती से मुलाकात की। इसके बाद वे सरस्वती विद्या मंदिर पुरानीगंज में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए तथा प्रशिक्षण महाभियान का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में मुंगेर विधायक कुमार प्रणय, विधान पार्षद लालमोहन गुप्ता, पूर्व विधायक प्रणव कुमार आदि मौजूद थे।

मुंगेर जिले में आज से पार्टी का दो दिवसीय प्रशिक्षण महाभियान की शुरुआत हुई है। प्रशिक्षण सत्र का उद्घाटन मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं का हौसला अफजाई किया तथा संगठन निर्माण की प्रक्रिया से अवगत कराया। साथ ही उन्होंने सरकार एवं पार्टी के बीच के समन्वय के बारे में भी जानकारी दी।

संजीव मंडल, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य भाजपा

पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाभियान का संचालन पूरे देश स्तर पर किया जा रहा है। इसके तहत प्रत्येक पांच वर्ष में कार्यकर्ताओं को संगठन के बारे में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के द्वारा मार्गदर्शन दिया जाता है। भाजपा कार्यकर्ता अनुशासित होते हैं और पार्टी के सिद्धांतों के अनुरूप काम करते हैं। हमारे कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम के सिद्धांत पर काम करते हैं। प्रशिक्षण महाभियान में मृत्युंजय झा, पूनम शर्मा, सुहेली मेहता आदि कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देंगे।

अरुण कुमार पोद्दार, जिलाध्यक्ष

प्रशिक्षण महाभियान में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को यह संदेश देने का काम किया कि संगठन सत्ता से ऊपर है। संगठन के माध्यम से ही आप अपनी साझेदारी सरकार में सुनिश्चित कर सकते हैं। वह यहां श्रीनिवास कल्याणोत्सव में शामिल हुए तथा आरती की। इसके अलावा मरीन ड्राइव के निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठक की। जिसमें उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के बाद मरीन ड्राइव का निर्माण कार्य तेज कर दिया जाए।

कुमार प्रणय, विधायक, मुंगेर

मुख्यमंत्री ने प्रशिक्षण महाभियान में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब प्रखंड, अंचल व थाना की निगरानी मुख्यमंत्री कार्यालय से की जाएगी। सभी अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि कोई भी व्यक्ति जनता के काम को एक महीने से अधिक नहीं टाल सकते हैं। इससे अधिक समय डालने वाले पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा शिक्षा के क्षेत्र में ऐसा परिवर्तनकारी बदलाव किया जाएगा कि लोग अपने बच्चों को निजी स्कूल के बजाय सरकारी विद्यालय में पढ़ना के लिए सिफारिश लेकर आएंगे।

मनोज साह, भाजपा नेता

Join us on: