सुपौल के सिमराही में अंधेरे और संकेत के आभाव में डिवाइडर से टकराई गाड़ियाँ!

SHARE:

रिपोर्ट:- संतोष चौहान, सुपौल!

सुपौल :- जिले के सिमराही बाजार स्थित जेपी चौक के निकट रविवार की देर शाम आधे घंटे के अंतराल में दो चार चक्का वाहन अंधेरे और संकेत के आभाव में डिवाइडर से टकराईं, जिसमें वाहन पर सवार लोग बाल – बाल बचे। हालांकि राहत की बात यह है कि दोनों गाड़ियों में सवार लोगों को केवल मामूली चोटें आईं।
पहली दुर्घटना – स्थानीय लोगों के अनुसार, पहली गाड़ी (बीआर 07 बी जी 3670) फारबिसगंज की ओर से आ रही थी। अंधेरा अधिक रहने के चलते तथा डिवाइडर पर किसी प्रकार का संकेत या रिफ्लेक्टर नहीं होने के कारण चालक को डिवाइडर दिखाई नहीं दिया और वाहन सीधे उससे टकरा गई। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
दूसरी दुर्घटना- पहली घटना के कुछ देर बाद ही दूसरी गाड़ी (बीआर 24 ए के 4183) जिस पर बिहार सरकार का बोर्ड लगा हुआ था, उसी डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर इतनी तेज थी कि गाड़ी दो बार पलटते हुए एनएच पर उलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गाड़ी में एक बच्चा सीट के बीच फंस गया था, जिसे काफी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी को सीधा किया गया और सभी सवारों को बाहर निकाला गया।
उस जगह डिवाइडर से लगातार हो रही दुर्घटनाओं से लोगों में बहुत नाराजगी है।
स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि डिवाइडर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है और उस पर किसी प्रकार की चेतावनी संकेत, पेंट या रेडियम लाइट नहीं लगाई गई है। खासकर रात के समय यह और भी खतरनाक हो जाता है, जिससे आये दिन दुर्घटनाएं होती रहती है।
वहां के स्थानीय लोगों एवं जनप्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन से मांग करते हुए कहा कि इस डिवाइडर का अविलंब सुधार कार्य करवाने की दिशा में अपने स्तर से पहल करने की कोशिश की जाए, ताकि आने वाले समय में अनहोनी पर विराम लग सके।

Join us on: