हथियार बरामदगी मामले के 3 फरार आरोपी चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के बेनीपट्टी अनुमंडल के बिस्फी प्रखंड अंतर्गत पतौना थाना पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए आर्म्स एक्ट मामले में लंबे समय से फरार चल रहे तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी की एक मोटरसाइकिल भी बरामद की है, जिसका नंबर बदलकर वे इस्तेमाल कर रहे थे। मधुबनी एसपी योगेंद्र कुमार के निर्देशन और बेनीपट्टी डीएसपी अमित कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कय मामले के फरार नामजद आरोपी परसौनी कामलाकात में छिपे हुए हैं। प्राप्त सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जब पुलिस ने पुल के नीचे छापेमारी की, तो तीनों आरोपी वहां सोते हुए पाए गए, जिन्हें घेराबंदी कर दबोच लिया गया। पकड़े गए आरोपी का पहचान बिस्फी प्रखंड के पतौना थाना क्षेत्र के परसौनी गांव के मुरारी सहनी, सुभाष कुमार ठाकुर और कमलू शर्मा बताए जा रहे हैं। डीएसपी अमित कुमार ने शुक्रवार को बेनीपट्टी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया है कि ये तीनों आरोपी थाना कांड संख्या 44/26 (आर्म्स एक्ट) में फरार थे। इस मामले में पुलिस पहले ही एक देसी कट्टा बरामद कर चुकी थी। इसके अलावा, इन आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी रहा है। इन सभी के विरुद्ध पतौना थाने में शराब कारोबार से संबंधित 3 अलग-अलग कांड पहले से दर्ज है। ताजा मामले में चोरी की मोटरसाईकिल बरामद होने पर इनके खिलाफ एक नया एफआईआर कांड संख्या 92/26) दर्ज किया गया है। तलाशी के दौरान बरामद बाइक राजनगर थाना क्षेत्र के जहरमोहारा निवासी राजू कुमार मंडल की है। इस बाइक की चोरी को लेकर दरभंगा जिले के कमतौल थाना में मामला दर्ज था। शातिर अपराधियों ने पुलिस से बचने के लिए बाइक के रजिस्ट्रेशन नंबर के साथ छेड़छाड़ की थी।छापेमारी में पतौना थानाध्यक्ष अनुराग कुमार, एसआई अर्पण कुमार, रितेश कुमार, उदय रजक, पीएसआई मीनू कुमारी और सिपाही महेंद्र यादव व घनश्याम शामिल थे। पुलिस ने शुक्रवार को सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

Join us on: