टोल प्लाजा पर फायरिंग एवं चाकू बाजी मामले में 32 लोगों पर केस, दर्जन से अधिक गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार

जहानाबाद जिले के
पटना–गया राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर टेहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरथुआ गांव के समीप स्थित टोल प्लाजा पर देर रात टोल प्लाजा कर्मी एवं बाराती के बीच हुए फायरिंग एवं चाकू बाजी मामले में 32 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है दर्जन भर से अधिक की गिरफ्तारी भी हो चुकी है गत सोमवार की देर रात्रि सेरथुआ टोल प्लाजा पर उस समय माहौल तनावपूर्ण हो गया, जब एक बरात में नाच-गान के दौरान टोल कर्मियों और बरातियों के बीच विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। देखते ही देखते मामला मारपीट, चाकूबाजी और फायरिंग तक पहुंच गया। इस घटना में तीन बराती घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घायलों की पहचान उमराई बिगहा गांव निवासी रोहित कुमार, विकास कुमार और छोटू कुमार के रूप में की गई है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों को गंभीर चोटें आई हैं, हालांकि इलाज के बाद उनकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
32 लोगों पर प्राथमिकी, दोनों पक्षों से लगे गंभीर आरोप
टेहटा थाना पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों से कुल 32 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। टोल प्लाजा कर्मी अमित कुमार की ओर से उमराई बिगहा गांव के 27 लोगों को नामजद आरोपित किया गया है, जबकि घायल बराती विकास कुमार की ओर से पांच टोल कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
थानाध्यक्ष मो. गुफरान अली ने बताया कि घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए दोनों पक्षों से एक दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
चार राउंड फायरिंग का आरोप, जांच में जुटी पुलिस
घटना के दौरान करीब चार राउंड गोली चलने की बात सामने आई है। प्रारंभिक जांच में दोनों पक्षों द्वारा फायरिंग किए जाने की बात भी सामने आ रही है। हालांकि ग्रामीणों का आरोप है कि टोल प्लाजा के कर्मियों और सुरक्षा गार्डों ने पहले फायरिंग की, जिसमें गोली के छर्रे लगने से रोहित और विकास घायल हो गए, जबकि छोटू कुमार को चाकू लगने से चोट आई।
वहीं पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में तीनों घायलों के चोट चाकूबाजी की घटना में लगने की पुष्टि हुई है। पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है।
बरात में नाच-गान के दौरान शुरू हुआ विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उमराई बिगहा गांव से मसौढ़ी के नौऊआबाग गांव के लिए बरात जा रही थी। सोमवार की रात बरात जब टोल प्लाजा के पास पहुंची तो कुछ वाहन सड़क किनारे खड़े थे, जहां डीजे पर नाच-गान चल रहा था। इसी दौरान टोल कर्मियों और कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
देखते ही देखते बहस ने उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। मारपीट के बीच स्थिति इतनी बिगड़ गई कि चाकूबाजी और फायरिंग की नौबत आ गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
पहले भी हो चुका था विवाद, ग्रामीणों में था आक्रोश
स्थानीय लोगों के अनुसार, दो दिन पहले भी इसी टोल प्लाजा पर एक युवक के साथ टोल कर्मियों द्वारा मारपीट की घटना हुई थी। बताया जाता है कि युवक गाड़ी चलाना सीख रहा था, तभी उसे रोककर उसके साथ दुर्व्यवहार किया गया और उसकी बाइक भी जब्त कर ली गई थी।
इस घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया था और तनाव का माहौल बना हुआ था। ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत तो हो गया था, लेकिन मनमुटाव बना रहा।
इलाके में तनाव, पुलिस कैंप तैनात
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टोल प्लाजा के पास पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरी सच्चाई सामने लाई जाएगी।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

Join us on:

और पढ़ें