रिपोर्ट- पंकज कुमार
जहानाबाद के हुलासगंज थाना क्षेत्र के चोहरमल चौक के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो चचेरे भाई की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, वहीं टक्कर मारने वाला कार चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच में जुट गई है। मिली जानकारी के अनुसार, मृतकों की पहचान बिशुनगंज थाना क्षेत्र के धराऊत गांव निवासी नीरू कुमार और अमर कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि दोनों युवक हुलासगंज थाना क्षेत्र के गंगापुर गांव अपनी बहन को लाने के लिए ऑटो से जा रहे थे। इसी दौरान चोहरमल चौक के पास तेज रफ्तार कार ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई और इसकी सूचना पुलिस को दी गई। इधर, दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। परिजनों ने बताया कि घर में शादी का माहौल था और आज ही घर में तिलक था दोनों चचेरे भाई अपनी बहन को लाने जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही यह दर्दनाक हादसा हो गया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक शादी की खुशियां घर में मातम में बदल गई। बताया जा रहा है कि घर के लोग अपने-अपने ढंग से शादी की तैयारी में जुटे हुए थे इस दौरान अचानक ऐसी मनहूस खबर आई कि पूरे परिवार फिलहाल सदमा में है पुलिस ने मौके से दोनों वाहनों को जब्त कर थाना लाया है। वहीं, शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। थाना अध्यक्ष ने बताया कि फरार चालक की तलाश के लिए छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




