बंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से वृद्ध की हुई दर्दनाक मौत शव का नही हुआ पहचान

SHARE:

:- पंकज कुमार की रिपोर्ट

जहानाबाद
पटना-गया रेलखंड पर गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां कोर्ट हॉल्ट के पास तेज रफ्तार बंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से एक वृद्ध व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल की ओर जुट गए।
सूचना मिलते ही सदर थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रेन की टक्कर काफी तेज थी, जिससे व्यक्ति दूर जा गिरा और उसकी हालत अत्यंत गंभीर हो गई थी।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष के आसपास आंकी जा रही है। वह सलेटी रंग के कपड़े पहने हुए था। हालांकि, शरीर की स्थिति ठीक नहीं रहने के कारण उसकी पहचान करना फिलहाल चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।
सदर थानाध्यक्ष ने बताया कि शव की पहचान सुनिश्चित करने के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही अन्य माध्यमों से भी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई थी, जिससे कुछ देर तक अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल मृतक की पहचान और उसके परिजनों तक सूचना पहुंचाने की दिशा में प्रयास जारी है।

Join us on: