रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत बासोपट्टी पश्चिमी पंचायत के बुंदेलखंड वार्ड नंबर 10 से रविवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। जहां तालाब के पानी में डूबने से एक 5 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान मोहम्मद मुस्तफा पमारी के 5 वर्षीय पुत्र मोहम्मद मुस्ताक पमारी के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि रविवार सुबह करीब 10 बजे बच्चा अचानक घर से लापता हो गया। काफी देर तक जब बच्चा घर वापस नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता होने लगी और आसपास के क्षेत्र में उसकी तलाश शुरू की गई।
घंटों खोजबीन के बाद भी जब बच्चे का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने स्थानीय थाना को उसके गुमशुदगी की सूचना दी। इसके बाद गांव के लोगों के साथ मिलकर खोज बीन किया गया। खोजबीन के दौरान दोपहर करीब 1:30 बजे घर के समीप स्थित डबरा पोखर में जब तलाश की गई तो बच्चा पानी में डूबा हुआ मिला। बच्चे को जब तक पानी से बाहर निकाला जाता काफी देर हो चूकी थी और बच्चे की मौत हो चुकी थी। बच्चे की शव को देखते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मोहम्मद मुस्ताक घर में सबसे बड़ा संतान था। उसका पिता दिल्ली में मजदूरी करता है। घटना की सूचना लोगों ने बासोपट्टी थाना पुलिस को दी। सुचना मिलते ही बासोपट्टी थाना एसआई तरुण कुमार, एएसआई हीरा पंडित सहित अन्य पुलिसकर्मियों घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चे के शव को कब्जे मे लेकर जांच परताल मे जुट गई। वही घटना स्थल पर बासोपट्टी पश्चिमी पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि भरत लाल मंडल, सरपंच मानिक लाल साफी, पंचायत समिति सदस्य हितलाल सहनी, डामू पंचायत के पूर्व मुखिया अनिसूल अंसारी मौकों पर पहुंचे। हालांकि परिजनों ने बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने आगे की कानूनी प्रक्रिया करते हुए शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजन को सोंप दिया। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन का रो रो कर बूरा हाल है। गांव मे मातमी सन्नाटा पसरा परा है।



