जमुई में अपराधियों का आतंक,दिनदहाड़े ऑटो चालक की गोली मारकर हत्या की!

SHARE:


रिपोर्ट – कुमार हर्ष!

जमुई के टाउन थाना क्षेत्र में मंगलवार को अपराधियों ने दिनदहाड़े एक दिल दहला देने वाली वारदात को अंजाम दिया। चार अज्ञात बदमाशों ने ऑटो चालक अशोक यादव की गोली मारकर हत्या कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई। घटना लखन धनामा और छठ्ठू धनामा जाने वाले चौराहे के समीप जखराज स्थान के पास हुई। मृतक की पहचान लखन धनामा निवासी बैजनाथ यादव के 50 वर्षीय पुत्र अशोक यादव के रूप में हुई है, जो ऑटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे।
घटना की सूचना मिलते ही टाउन थाना अध्यक्ष अमरेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, एक कम कद के युवक ने अशोक यादव को बेहद करीब से दो गोलियां मारीं, जबकि उसके तीन साथी थोड़ी दूरी पर खड़े थे। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी दो बाइक से छठ्ठू धनामा होते हुए लखीसराय की ओर फरार हो गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है।घटनास्थल के पास मौजूद लोगों ने बताया कि अचानक दो गोली चलने की आवाज आई, जिसके बाद चार युवक तेजी से बाइक पर भागते नजर आए। एक महिला, जो ऑटो का इंतजार कर रही थी, ने बताया कि वह बैठने ही वाली थी, तभी यह घटना हो गई। हालांकि हमलावरों की पहचान कोई नहीं कर सका।

Join us on: