रिपोर्ट- पंकज कुमार!
जहानाबाद जिले की मानसी ने बिहार बोर्ड मैट्रिक परीक्षा में शानदार प्रदर्शन किया है। घोसी प्रखंड के भरथु गांव की मानसी ने 500 में से 482 अंक हासिल कर टॉप 10 में अपनी जगह बनाई है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले का नाम रोशन हुआ है।
मानसी एक साधारण परिवार से आती हैं।
उनके पिता एक ट्रक ड्राइवर हैं, जो परिवार के पालन पोषण के लिए दिन रात मेहनत करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद, मानसी ने अपनी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और कड़ी मेहनत के दम पर यह बड़ी सफलता हासिल की। मानसी के चाचा अपनी भतीजी की काबिलियत पर गर्व करते हुए भावुक हो गए. उन्होंने संकल्प लिया कि बेटी की आगे की पढ़ाई के लिए वे अपनी खून का एक-एक कतरा तक बेच देंगे, लेकिन उसकी शिक्षा में कोई कमी नहीं आने देंगे. वहीं मां पूजा देवी ने बेटी की इस ऐतिहासिक सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि उनकी लाडली ने पूरे परिवार का नाम रौशन कर दिया है.
यूपीएससी बनकर देश सेवा करने का लक्ष्य है
अपनी सफलता पर मानसी ने बताया कि उनका लक्ष्य आगे चलकर यूपीएससी की तैयारी करना और देश की सेवा करना है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता पिता और शिक्षकों को दिया। मानसी के अनुसार, परिवार और
गुरुओं के सहयोग व मार्गदर्शन से ही वह इस मुकाम तक पहुंच पाई हैं।
मानसी की इस सफलता से पूरे इलाके में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों और शुभचिंतकों ने इसे जिले के लिए गर्व का क्षण बताया है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
स्थानीय विधायक ऋतुराज कुमार ने मानसी के घर पहुंचकर उन्हें बधाई दी। उन्होंने मानसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।




