रिपोर्ट- सुमित कुमार!
-मुंगेर जिले तारापुर प्रखंड के खैरा पंचायत में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी अपने दो दिवसीय दौरे के क्रम में पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने चिंतामणि पोखर पर 14 लाख 57 हजार रुपये की लागत से निर्मित सीढ़ी घाट का विधिवत उद्घाटन किया। उद्घाटन के बाद खैरा मैदान में ग्रामीणों के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड का सामूहिक श्रवण किया।
कार्यक्रम स्थल पर लड्डू सिंह, ब्रजेश सिंह, मिथलेश सिंह, रंजीत कुमार और जयकिशोर सिंह ने माला पहनाकर उपमुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत किया। मंच संचालन रविंद्र सिंह कल्लू ने किया। सभा में जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही, जिसमें जिलाधिकारी निखिल धनराज निपन्निकर, एसपी सैयद इमरान मसूद, एमएलसी लाल मोहन गुप्ता, पूर्व विधायक राजीव सिंह सहित कई प्रमुख लोग शामिल थे।
अपने विस्तृत संबोधन में उपमुख्यमंत्री ने खैरा पंचायत के प्रति विशेष लगाव का जिक्र करते हुए कहा कि चुनाव के दौरान इस पंचायत ने उन्हें सबसे अधिक समर्थन दिया, जिसके लिए वे व्यक्तिगत रूप से आभार प्रकट करने आए हैं। उन्होंने भावुक अंदाज में पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि एक समय ऐसा था जब खैरा पहुंचना बेहद कठिन था। लोग पगडंडियों और कच्चे रास्तों से होकर यहां आते थे, कई बार पैदल चलकर गांव तक पहुंचना पड़ता था। लेकिन आज यह इलाका विकास की मुख्यधारा से जुड़ चुका है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार में व्यापक बदलाव आया है। अब गांवों में रात के समय भी सुरक्षित आवागमन संभव है और आधारभूत संरचनाओं में तेजी से सुधार हुआ है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाएं चल रही हैं, जिनमें बरियारपुर से कौशलपुर होते हुए जमुई तक सड़क निर्माण, तथा हल्दिया से रक्सौल तक प्रस्तावित एक्सप्रेस-वे शामिल है, जो तारापुर से होकर गुजरेगा। इससे क्षेत्र के लोगों को कोलकाता तक 5-6 घंटे में पहुंचने की सुविधा मिलेगी।
रेलवे कनेक्टिविटी को लेकर भी उन्होंने बड़ी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि तारापुर क्षेत्र में रेलवे लाइन को फिर से चालू करने के लिए सर्वे का कार्य शुरू हो चुका है और आने वाले वित्तीय वर्ष 2026-27 में इसे शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके साथ ही सुल्तानगंज के पास प्रस्तावित एयरपोर्ट का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भविष्य में खैरा से लोग मात्र दो घंटे में दिल्ली पहुंच सकेंगे।सिंचाई और पेयजल के क्षेत्र में भी कई योजनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि गंगा जल को पाइपलाइन के माध्यम से खेतों तक पहुंचाने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। हलवना, सिंहवारनी, खड़गपुर झील और पगड़ा डैम को पुनर्जीवित करने की योजना भी बनाई गई है, जिससे किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सकेगी।
ऊर्जा क्षेत्र में ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना’ को लेकर उन्होंने विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार लोगों के घरों की छतों पर 1.1 किलोवाट के सोलर पैनल लगाने की योजना चला रही है, जिसमें केंद्र सरकार 33 हजार रुपये और राज्य सरकार 10 हजार रुपये की सहायता देगी। बीपीएल परिवारों को यह सुविधा पूरी तरह मुफ्त मिलेगी। इससे न केवल लोगों को मुफ्त बिजली मिलेगी बल्कि अतिरिक्त बिजली सरकार को बेचकर वे आय भी अर्जित कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में सरकार 125 यूनिट तक मुफ्त बिजली दे रही है और आगे सोलर पैनल लगने के बाद लोग 180-200 यूनिट तक बिजली उत्पादन कर सकेंगे। इससे राज्य को भी करीब 10 हजार मेगावाट अतिरिक्त बिजली प्राप्त होगी और लोगों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।रोजगार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि बिहार के युवाओं को अपने ही राज्य में रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इसके लिए असरगंज और संग्रामपुर में बड़े पैमाने पर जमीन अधिग्रहण कर उद्योग लगाने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि संग्रामपुर में 50 एकड़ जमीन इंडस्ट्री विभाग को दी जा चुकी है, जबकि असरगंज में 400-450 एकड़ जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया में है। उन्होंने उद्योगपतियों को यहां निवेश के लिए आमंत्रित किया और कहा कि सरकार एक महीने के भीतर जमीन का भुगतान सुनिश्चित करेगी।
खैरा पंचायत में खेल मैदान निर्माण, सड़कों के विस्तार और ग्रामीण सौंदर्यीकरण के कार्यों को भी प्राथमिकता देने का आश्वासन दिया गया। साथ ही ‘मनरेगा’ में पारदर्शिता लाने के लिए जियो-टैगिंग और 24 घंटे के भीतर मजदूरी भुगतान की व्यवस्था की जानकारी दी।
अंत में उन्होंने लोगों से बिहार के विकास में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले वर्षों में बिहार को फिर से स्वर्णिम युग की ओर ले जाना है और तारापुर सहित पूरे क्षेत्र को विकास का मॉडल बनाना है। उन्होंने खैरा पंचायत के लोगों को पुनः धन्यवाद देते हुए कहा कि उनका विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष और युवा उपस्थित रहे, जिससे पूरा माहौल उत्साह और विकास के संकल्प से भरा नजर आया।
बाइट-सम्राट चौधरी उपमुख्यमंत्री




