नीतीश कुमार का दिल्ली जाना NDA के लिए आत्मघाती कदम- आनंद मोहन!

SHARE:

रिपोर्ट – अमित कुमार!

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने और राज्य की कमान सौंपने की चर्चाओं ने सियासी हलचल तेज कर दी है। इस बीच, पूर्व सांसद आनंद मोहन ने एक बड़ा और विस्फोटक बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा है कि नीतीश कुमार का बिहार छोड़ना जेडीयू और बीजेपी दोनों के लिए भारी पड़ सकता है। आखिर आनंद मोहन ने ‘चुप मुख्यमंत्री’ और ‘निशांत कुमार’ को लेकर क्या कहा? देखिए हमारी इस विशेष रिपोर्ट में।”

बिहार की राजनीति में एक नए युग की आहट है, लेकिन यह आहट आनंद मोहन जैसे नेताओं को डरा रही है। आनंद मोहन का कहना है कि अगर नीतीश कुमार सीएम पद छोड़कर राज्यसभा जाते हैं, तो यह जनता के उस भरोसे के साथ खिलवाड़ होगा जो उन्होंने 2025-30 के लिए जताया था।

​”बिहार की जनता इस फैसले से असहमत है। इसका सबसे बड़ा नुकसान जेडीयू से ज्यादा बीजेपी को होगा और बैठे-बिठाए इसका पूरा लाभ विपक्ष को मिल जाएगा।”

आनंद मोहन ने सीधे तौर पर चेतावनी दी है कि पिछड़ा और अति पिछड़ा मतदाता इस फैसले से नाराज है। उन्होंने इसे चाणक्य नीति या कूटनीति मानने से इनकार करते हुए इसे एनडीए (NDA) की सेहत के लिए ‘खराब मैसेज’ करार दिया है।
​निशांत कुमार और ‘चुप मुख्यमंत्री’ का तंज:

​ बिहार की राजनीति में इन दिनों नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार काफी एक्टिव हैं। आनंद मोहन ने निशांत के आने का स्वागत तो किया और उन्हें ‘शॉक एब्जॉर्बर’ बताया, लेकिन एक चुभता हुआ सवाल भी खड़ा कर दिया।

आनंद मोहन का कहना है कि:
​निशांत कुमार के आने से जनता का आक्रोश कुछ हद तक संतुलित हुआ है।
​अगर निशांत को राजनीति में लाना है, तो उन्हें ‘फुलफ्लेज’ (पूर्ण जिम्मेदारी) के साथ लाना चाहिए।
​”उपमुख्यमंत्री का मतलब ‘चुप मुख्यमंत्री’ होता है” – इसलिए अगर विकल्प की बात है, तो लव-कुश और पिछड़ा समीकरण के लिहाज से सम्राट चौधरी सबसे बेहतर विकल्प हैं।

तेजस्वी पर हमला:

​अपने बेटे चेतन आनंद और निशांत कुमार की दोस्ती पर खुशी जाहिर करते हुए आनंद मोहन ने कहा कि दोनों युवा साथ मिलकर चल रहे हैं, यह अच्छी बात है। वहीं, तेजस्वी यादव द्वारा अपराध के मुद्दे पर सरकार को घेरने पर उन्होंने तीखा पलटवार किया।

​”आरजेडी के मुंह से अपराध पर बात करना शोभा नहीं देता। 2005 से पहले का रिकॉर्ड और नीतीश कुमार के आने के बाद के रिकॉर्ड की तुलना कर ली जाए, तो फर्क साफ दिख जाएगा।”

Join us on: