रिपोर्ट – अमित कुमार!
राजधानी पटना में पुलिस ने नकली नोट के एक सक्रिय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार युवकों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई कदम कुआं थाना क्षेत्र में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपियों को दबोचा।
गिरफ्तार युवकों के पास से कुल 2 लाख 2 हजार 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। जांच के दौरान यह जानकारी सामने आई है कि ये नोट उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ से लाए गए थे और शहर में इन्हें खपाने की योजना थी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आरोपी काफी समय से इस अवैध कारोबार में सक्रिय थे और स्थानीय स्तर पर नेटवर्क तैयार कर चुके थे। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि इस गिरोह के अन्य सदस्यों और सप्लाई चेन का खुलासा किया जा सके।
मामले में एक और अहम जानकारी सामने आई है कि गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक के पिता का संबंध किसी राजनीतिक दल से बताया जा रहा है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही इस पहलू पर आधिकारिक पुष्टि की जाएगी।
फिलहाल सभी आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई के लिए भेजा जा रहा है और पुलिस इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करने की दिशा में काम कर रही है।



