48 वीं वाहिनी की मुस्तैदी और उत्कृष्ट सुरक्षा प्रबंधन से प्रभावित हुए पुलिस महानिरीक्षक!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के जयनगर सशस्त्र सीमा बल के प्रांगण मे सीमांत मुख्यालय पटना के महानिरीक्षक निशीत कुमार उज्ज्वल (भा. पु. से) ने 48 वीं वाहिनी, सशस्त्र सीमा बल, जयनगर का वार्षिक औपचारिक निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने वाहिनी की परिचालन क्षमता, प्रशासनिक व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन और भारत-नेपाल सीमा पर तैनात जवानों की मुस्तैदी का व्यापक एवं सूक्ष्म अवलोकन किया।
महानिरीक्षक का स्वागत कमांडेंट 48 वीं वाहिनी, गोविंद सिंह भण्डारी द्वारा पौधा भेंट कर एवं पारंपरिक खादा पहनाकर किया गया। तत्पश्चात उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया। इसके बाद उन्होंने वाहिनी परिसर का भ्रमण किया, विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण किया और जवानों के साथ “बड़ा खाना” में सहभागिता कर उनका मनोबल बढ़ाया।
सैनिक सम्मेलन में उन्होंने जवानों के साथ संवाद स्थापित किया, उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से सुना तथा त्वरित समाधान हेतु अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सुरक्षा समीक्षा के दौरान भारत-नेपाल सीमा पर तैनात बल की कार्यप्रणाली, सतर्कता, आपसी समन्वय और त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता की सराहना किया।
मौके पर हानिरीक्षक ने कहा कि भारत-नेपाल की खुली सीमा की जटिल चुनौतियों के बावजूद 48 वीं वाहिनी ने उच्च स्तर की सतर्कता, प्रभावी निगरानी और उत्कृष्ट समन्वय स्थापित कर सीमा सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखा है। उन्होंने जवानों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सुदृढ़ रहने, आधुनिक तकनीकों में दक्षता बढ़ाने और समय-समय पर प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
विशेष रूप से महानिरीक्षक ने कहा कि इस वाहिनी के लिए चयनित नए स्थान पर लंबित मामलों का निस्तारण शीघ्र कराकर निर्माण कार्य प्रारंभ किया जाएगा, और इसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
सैनिक सम्मेलन के दौरान महानिरीक्षक ने कमांडेंट 48 वीं वाहिनी को बल मुख्यालय से प्रदत्त डीजी डिस्क एवं प्रशंसा पत्र से सम्मानित किया।
इस अवसर पर सरोज कुमार ठाकुर, भा.पु.स., उप-महानिरीक्षक, क्षेत्रक मुख्यालय, गोविंद सिंह भण्डारी, कमांडेंट 48 वीं वाहिनी, डॉक्टर मंजीत भाटिया, कमांडेंट (चिकित्सा), विवेक ओझा, उप-कमांडेंट एवं अन्य अधिकारी और कार्मिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में महानिरीक्षक ने भारत-नेपाल सीमा स्थित कमला सीमा चौकी का दौरा कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था, जवानों की तैनाती और उपलब्ध संसाधनों का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना की।

Join us on:

और पढ़ें