रिपोर्ट – संतोष चौहान!
सुपौल :- जिले के रेफरल अस्पताल राघोपुर में पदस्थापित प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ० दीपक कुमार गुप्ता की पुत्री डॉ० अंकिता कुमारी ने एमडी (पैथोलॉजी) में गोल्ड मेडल हासिल कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। डॉ० अंकिता कुमारी ने किशनगंज स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज से वर्ष 2022 से 2025 के सत्र में एमडी (पैथोलॉजी) की पढ़ाई पूरी की। अपने बैच (बैच-16) में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रथम स्थान प्राप्त किया और गोल्ड मेडल अपने नाम किया।
उन्हें यह सम्मान 13 मार्च 2026 को किशनगंज में आयोजित दीक्षांत समारोह के दौरान प्रदान किया गया। समारोह में बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी तथा शिक्षा मंत्री सुनील कुमार की गरिमामयी उपस्थिति में उन्हें गोल्ड मेडल से सम्मानित किया गया।
डॉ० अंकिता की इस सफलता पर उनके पिता डॉ० दीपक कुमार गुप्ता ने खुशी जताते हुए कहा कि उनकी पुत्री बचपन से ही मेहनती और अनुशासित रही है। उन्होंने बताया कि लोगों की सेवा करते हुए उन्हें देखकर ही अंकिता ने भी चिकित्सा क्षेत्र में आगे बढ़ने का संकल्प लिया था। कठिन परिश्रम और लगन के बल पर आज उसने यह उपलब्धि हासिल कर परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि बेटी की इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ क्षेत्र के लोगों को भी गर्व है। वहीं डॉ० अंकिता की इस सफलता पर उनके शिक्षकों, मित्रों और शुभचिंतकों ने भी खुशी व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। डॉ. अंकिता की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है और यह साबित करती है कि समर्पण, कड़ी मेहनत और लक्ष्य के प्रति दृढ़ संकल्प से किसी भी मुकाम को हासिल किया जा सकता है।



