बिहार में नहीं थम रहा हर्ष फायरिंग, शादी समारोह में फिर एक शख्स को लगी गोली!

SHARE:

रिपोर्ट – पंकज कुमार!

जहानाबाद के ओकरी ओपी क्षेत्र के लक्षण बीघा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई हर्ष फायरिंग में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गोली लगने के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। आनन-फानन में घायल युवक को इलाज के लिए जहानाबाद सदर अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए पटना पीएमसीएच रेफर कर दिया। घायल युवक की पहचान खेमचंद बीघा गांव निवासी 20 वर्षीय मुकेश कुमार, पिता विजेंद्र प्रसाद के रूप में की गई है। बताया जाता है कि घटना उस समय हुई जब लक्षण बीघा गांव में एक शादी समारोह के दौरान वर निकासी का कार्यक्रम चल रहा था और डीजे की धुन पर लोग नाच-गाना कर रहे थे। परिजनों के अनुसार लक्षण बीघा निवासी सुकू चौधरी के पोते की बारात निकलने वाली थी। वर निकासी के दौरान बड़ी संख्या में लोग डीजे पर नाचते-गाते हुए जश्न मना रहे थे। इसी दौरान बारात पक्ष की ओर से किसी व्यक्ति ने हर्ष फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान चली एक गोली वहां मौजूद मुकेश कुमार के पेट में जा लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोली लगते ही समारोह में मौजूद लोगों के बीच हड़कंप मच गया। आनन-फानन में घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से जहानाबाद सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालांकि स्थिति गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पटना के पीएमसीएच अस्पताल रेफर कर दिया गया। इधर घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस भी सक्रिय हो गई है। मामले की पुष्टि करते हुए एसडीपीओ संजीव कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा कि वे स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद पूरे घटनाक्रम की स्पष्ट जानकारी सामने आएगी। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि फायरिंग किसने और किन परिस्थितियों में की पुलिस पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गई है।

Join us on: