आत्मा के तत्वावधान में बेगूसराय में 24 से 25 फ़रवरी तक किसान मेला सह प्रदर्शनी का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर शर्मा (अमित)

कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंध अभिकरण (आत्मा), बेगूसराय के तत्वावधान में जिला कृषि कार्यालय परिसर, विष्णुपुर, बेगूसराय में दिनांक 24 एवं 25 फरवरी 2026 को दो दिवसीय ‘किसान मेला-सह-प्रदर्शनी 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। इस मेले का उद्देश्य जिले के किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीजों, नवीन कृषि यंत्रों तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कृषि योजनाओं की समग्र जानकारी उपलब्ध कराना है, ताकि वे वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर अपनी आय में वृद्धि कर सकें।

परियोजना निदेशक (आत्मा) सह जिला कृषि पदाधिकारी, बेगूसराय, श्री अभिषेक रंजन ने बताया कि मेले का विधिवत उद्घाटन 24 फरवरी 2026 को दोपहर 12:30 बजे किया जाएगा। दो दिवसीय इस आयोजन के दौरान आधुनिक कृषि उपकरणों एवं यंत्रों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें किसान नवीन तकनीकों को प्रत्यक्ष रूप से देख और समझ सकेंगे। साथ ही कृषि विशेषज्ञों द्वारा उन्नत खेती, फसल विविधीकरण, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रदान की जाएंगी।

मेले में विभिन्न विभागों एवं संस्थानों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहाँ किसानों को योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी तथा उनकी जिज्ञासाओं का समाधान विशेषज्ञों द्वारा किया जाएगा। यह आयोजन किसानों के लिए ज्ञानवर्धन एवं तकनीकी उन्नयन का महत्वपूर्ण अवसर सिद्ध होगा।

जिला प्रशासन द्वारा आयोजन की समुचित तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं तथा जिले के किसानों से अपील की गई है कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर ‘किसान मेला-सह-प्रदर्शनी 2026’ को सफल बनाएं।

Join us on: