शकील की रिपोर्ट!

गौनाहा प्रखंड में 24 नवंबर को होने वाले त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए कुल 255 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। मतदान को शांति पूर्ण सम्पन्न कराने हेतु 110 मतदान केंद्रों को संवेदनशील, 93 को अतिसंवेदनशील तथा 52 को नक्सल प्रभावित बूथ बनाए गए हैं। इस आशय की जानकारी देते हुए बीडीओ अजय प्रकाश राय ने बताया कि प्रखंड के 18 पंचायतों में कुल 39 सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है।प्रखंड के 18 पंचायतों को 18 कलस्टर में बांटा गया है। विदित हो कि कुल 553 पदों हेतु 24 नवंबर को चुनाव होना है। प्रखंड के 1,32, 391 मतदाता, 2 जिला परिषद, 18 मुखिया, 18 सरपंच 25 पंसस, 245 वार्ड तथा 245 पंच का चुनाव ईवीएम मशीन व बैलेट पेपर से करेंगे। प्रखंड में एक भी चलंत मतदान केंद्र नहीं है, जबकि पूरे प्रखंड में दो आदर्श मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जिसमें एक आदर्श मतदान केंद्र बुनियादी विद्यालय दोमाठ तथा दूसरा जन शिक्षा केंद्र रमपुरवा में होगा। प्रखंड कार्यालय के प्राप्त आंकड़े बताते हैं कि जिला परिषद क्षेत्र संख्या 20 से 12 प्रत्याशी तथा क्षेत्र संख्या 21 से 6 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं । ऐसे ही प्रखंड के 18 पंचायतों में मुखिया पद हेतु 159, पंसस हेतु 177 , सरपंच हेतु 118 तथा पंच पद हेतु 154 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी भाग्य आजमा रहे हैं । सभी प्रत्याशियों की निगाहें मतदाताओं पर टिकी हुई है। देखना है जनता किसको माथे पर जीत का सेहरा बांधती है।




