पुलवामा शहीदों और तारापुर सेनानियों की स्मृति में निकली 1000 फीट लंबी तिरंगा यात्रा!

SHARE:

रिपोर्ट- सुमित कुमार!

-मुंगेर जिले के असरगंज नगर पंचायत में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की नगर इकाई के नेतृत्व में 1000 फीट लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा 14 फरवरी 2019 को हुए पुलवामा आतंकी हमला में शहीद हुए सीआरपीएफ के 40 जवानों की पुण्यतिथि तथा 15 फरवरी 1932 को तारापुर थाना पर तिरंगा फहराने के दौरान शहीद हुए स्वतंत्रता सेनानियों की स्मृति में आयोजित की गई।
तिरंगा यात्रा कारगिल चौक से प्रारंभ होकर रहमतपुर चौक, लदौआ मोड़, रहमतपुर बासा, विक्रमपुर, कलाली मोड़, मुख्य बाजार और असरगंज बस स्टैंड होते हुए पुनः कारगिल चौक पहुंची। पूरे मार्ग में देशभक्ति नारों से वातावरण गूंजता रहा। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘वीर शहीद अमर रहें’ के उद्घोष से नगर का माहौल राष्ट्रभक्ति से सराबोर हो गया।
यात्रा में सात शहीदों एवं भारत माता की आकर्षक झांकी शामिल की गई थी। विशेष रूप से पुलवामा हमले में शहीद हुए रतन कुमार ठाकुर के ताबूत की प्रतिकृति को श्रद्धापूर्वक प्रदर्शित किया गया, जिसे देखकर लोग भावुक हो उठे। समापन के अवसर पर कारगिल चौक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई, जहां शहीदों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया।
कार्यक्रम में भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष गौतम कुमार, भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप कुमार रंजन, भाजपा मंडल अध्यक्ष अजीत कुमार मुन्ना, अनिल वैद्य, प्रह्लाद कुमार प्रेम, विजय शंकर उपाध्याय, बंटी सिंह, भाजपा नेता चंद्रशेखर शर्मा, अभाविप के ऋतिक कुमार, प्रिंस कुमार, एनसीसी के सुमिरन राज सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इसके अलावा मदर टेरेसा ज्ञान मंदिर, संत पथिक विद्या मंदिर, होली मिशन एवं एएनएम पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में ताबूत एवं झांकी में भाग लेने वाले विद्यालय के बच्चों को सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने वीर शहीदों के साहस, बलिदान और राष्ट्रभक्ति को स्मरण करते हुए देश की एकता और अखंडता बनाए रखने का संकल्प लिया।

बाइट-गौतम राज जिला अध्यक्ष भाजयुमों

बाइट-दिलीप रंजन भाजपा नेता

Join us on: