रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा
लखीसराय जिले से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां एनएच-80 पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। मामला सूर्यगढ़ा थाना क्षेत्र के अलीनगर गांव के पास का है।
बुधवार को ट्रैक्टर और सीएनजी ऑटो के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सूर्यगढ़ा से लखीसराय की ओर जा रहा था, जबकि यात्रियों से भरी ऑटो लखीसराय से सूर्यगढ़ा की तरफ आ रही थी। अलीनगर के समीप दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए।
इस हादसे में तिलकपुर निवासी रीता देवी और उनके पति प्रमोद राम सहित क्यूल बस्ती निवासी राहुल कुमार तथा कजरा निवासी सौरभ कुमार जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सूर्यगढ़ा पहुंचाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल लखीसराय रेफर किया गया। लेकिन हालत गंभीर होने के कारण क्यूल बस्ती निवासी राहुल कुमार और कजरा निवासी सौरभ कुमार जायसवाल को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया गया है।
हादसे के बाद ट्रैक्टर और ऑटो चालक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।
दुर्घटना के कारण करीब 20 मिनट तक एनएच-80 पर यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में पुलिस ने बहाल कराया।
फिलहाल पुलिस फरार चालकों की तलाश कर रही है।




