निगरानी के हत्थे चढा तकनीकी सहायक 12 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ धराया

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा

मधुबनी जिले के कलुआही प्रखंड से एक बड़ी कार्रवाई की खबर सामने आई है। जहां पंचायती राज विभाग में कार्यरत तकनीकी सहायक हरिशंकर प्रसाद को ₹12,000 रिश्वत लेते हुए निगरानी विभाग की टीम ने रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पूर्व से प्राप्त शिकायत और सत्यापन के आधार पर की गई।
सूत्रों के अनुसार, तकनीकी सहायक हरिशंकर प्रसाद पर योजनाओं से संबंधित कार्यों के निष्पादन करने के बदले में रिश्वत मांगने का आरोप था। शिकायत मिलने के बाद निगरानी विभाग ने मामले की गोपनीय जांच करते हुए जाल बिछाकर कार्रवाई की योजना बनाई। निर्धारित रणनीति के तहत नौ सदस्यीय टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को ₹12,000 की घूस की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद निगरानी की टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए आरोपी को अपने साथ ले गई। पकड़े गए रिश्वतखोर तकनीकी सहायक के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। इस कार्रवाई से प्रखंड कार्यालय सहित जिले भर मे हड़कंप मच गया है। तो वही इस बात को लेकर विभागीय कर्मियों में चर्चा का माहौल बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि मधुबनी जिले में पूर्व में भी इस तरह की कई कार्रवाई हो चुकी हैं, जिससे यह स्पष्ट होता है कि भ्रष्टाचार के विरुद्ध निगरानी विभाग लगातार सख्त रुख अपनाए हुए है। आम लोगों ने इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा है कि इससे सरकारी कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी।
निगरानी विभाग ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी भी सरकारी कर्मी द्वारा अवैध रूप से रिश्वत की मांग की जाती है, तो इसकी सूचना तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा सके।

Join us on: