मुजफ्फरपुर में वंदे भारत ट्रेन पर फिर हुआ पथराव, टूटा कोच का शीशा, बाल बाल बचे यात्री!

SHARE:

रिपोर्ट- संतोष तिवारी

मुजफ्फरपुर में एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना सामने आई है। यह घटना सोनपुर मंडल के रामदयालु नगर स्टेशन के पास हुई। पत्थरबाजी में ट्रेन के एक कोच का शीशा टूट गया। हालांकि, इस घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ।
जानकारी के अनुसार, ट्रेन संख्या 26502 गोरखपुर–पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई थी। मुजफ्फरपुर जंक्शन से खुलने के बाद रामदयालु नगर रोड के पास अचानक तेज आवाज सुनाई दी। जांच करने पर कोच संख्या सी-7 में सीट नंबर 28-29 की खिड़की का शीशा टूटा हुआ पाया गया। उस सीट पर पूर्वी चंपारण जिले के एक यात्री यात्रा कर रहे थे, जो बाल-बाल बच गए।
घटना के बाद ट्रेन को स्कॉर्ट कर रही आरपीएफ टीम ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हाजीपुर में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। कोच में लगे सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उपद्रवी तत्वों की पहचान की जा रही है।
रेल डीएसपी (मुख्यालय) निधि कुमारी ने बताया कि गोरखपुर–पाटलिपुत्र वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव की घटना को गंभीरता से लिया गया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरपीएफ की स्कॉर्ट पार्टी सीसीटीवी फुटेज की जांच कर आरोपियों की पहचान कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में कोई यात्री घायल नहीं हुआ है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।

Join us on: