IRCTC ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने हेतु विशेष ट्रेन की शुरू, जानें कब कहाँ से कहाँ तक जाएगी!

SHARE:

रिपोर्ट- पंकज कुमार!

धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (IRCTC) ने श्रद्धालुओं और पर्यटकों को एक बड़ी सौगात दी है. ‘देखो अपना देश’ और ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ अभियान के तहत IRCTC ज्योतिर्लिंग दर्शन एवं अक्षरधाम मंदिर यात्रा के लिए विशेष भारत गौरव पर्यटक ट्रेन का संचालन करने जा रहा है. यह यात्रा विशेष रूप से बिहार और पूर्वी भारत के यात्रियों को ध्यान में रखकर तैयार की गई है.
आईआरसीटीसी के एरिया ऑफिसर अमित प्रकाश ने बताया कि यह विशेष पर्यटक ट्रेन 11 मार्च को भागलपुर से रवाना होगी और 19 मार्च को अपनी यात्रा पूर्ण करेगी. कुल 8 रात और 9 दिनों की इस आध्यात्मिक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को देश के सबसे प्रतिष्ठित और पावन धार्मिक स्थलों के दर्शन कराए जाएंगे. यात्रा के क्रम में श्रद्धालु उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात के सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, द्वारका के द्वारकाधीश मंदिर एवं बेट द्वारका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग के साथ-साथ अहमदाबाद स्थित विश्वप्रसिद्ध अक्षरधाम मंदिर के दर्शन कर सकेंगे. यह यात्रा श्रद्धालुओं को एक साथ आस्था, संस्कृति और पर्यटन का अनूठा अनुभव प्रदान करेगी.भारत गौरव पर्यटक ट्रेन पहली बार भागलपुर से खुलकर जमालपुर, किऊल, मोकामा, बख्तियारपुर, पटना जंक्शन होते हुए 11 मार्च को ढाई बजे जहानाबाद स्टेशन पहुंचेगी, जो गया, अनुग्रह नारायण रोड, सासाराम और भभुआ रोड होते हुए पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन तथा प्रयागराज तक जाएगी.
इन सभी प्रमुख स्टेशनों से श्रद्धालु अपनी सुविधा अनुसार ट्रेन में सवार हो सकते हैं. आईआरसीटीसी के एरिया ऑफिसर ने बताया कि यात्रियों की सुविधा और बजट को ध्यान में रखते हुए 12 बोगी में इस यात्रा के लिए तीन अलग-अलग श्रेणियों के पैकेज निर्धारित किए गए हैं.
इकोनॉमी क्लास का किराया 18,850 रुपये प्रति व्यक्ति, स्टैंडर्ड 3AC क्लास का किराया 33,995 रुपये प्रति व्यक्ति तथा कंफर्ट 2AC क्लास का किराया 41,990 रुपये प्रति व्यक्ति रखा गया है. श्रेणी के अनुसार यात्रियों को होटल और परिवहन की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. इस विशेष धार्मिक टूर पैकेज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि यह पूरी तरह ऑल-इनक्लूसिव है. पैकेज में रेल यात्रा, आरामदायक होटलों में ठहराव, शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय दर्शनीय स्थलों के लिए बस सुविधा, यात्रा बीमा और ऑनबोर्ड सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम शामिल हैं. आईआरसीटीसी ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि सीमित सीटों को देखते हुए इच्छुक यात्री समय रहते अपनी बुकिंग सुनिश्चित करें.
उन्होंने बताया कि 700 सीटो में से अभी तक दो सौ यात्रियों ने अपना अपना टिकट बुक करा चुके है. टिकट बुकिंग और विस्तृत जानकारी के लिए यात्री IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर विजिट कर सकते हैं. इसके अलावा किसी भी प्रकार की सहायता के लिए 24×7 हेल्पलाइन सेवा भी उपलब्ध कराई गई है.

Join us on: