रिपोर्ट- शशिकांत मिश्रा!
लखीसराय जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां रामगढ़चौक थाना पुलिस ने टोटो चालक से हुई लूट की घटना का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में तीन अपराधियों को गिरफ्तार करते हुए उनके पास से लूट का सामान भी बरामद किया है।
जानकारी के अनुसार, बीते चार फरवरी को लखीसराय–सिकंदरा मुख्य मार्ग स्थित कोली नहर के पास टोटो चालक से चाकू का भय दिखाकर मोबाइल और नगद रुपये लूट लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने एसडीपीओ शिवम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया।
विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हलसी थाना क्षेत्र निवासी मनीष कुमार, लक्ष्मण कुमार और एक अन्य अपराधी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त चाकू, बाइक, लूटा गया मोबाइल फोन और नकद राशि भी बरामद की है।
पुलिस फिलहाल गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर लगाम लगाने के लिए लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है।



