:- रवि शंकर अमित!
आज दिनांक 05 फरवरी, 2026 को जिला पदाधिकारी, बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री की अध्यक्षता में उद्योग टास्क फोर्स की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उद्योग विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, जैसे– पीएमएफएमई (PMFME), पीएमईजीपी (PMEGP), पीएम विश्वकर्मा (PM Vishwakarma), मुख्यमंत्री सूक्ष्म उद्यमी योजना (MMUY) आदि की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिला पदाधिकारी द्वारा संबंधित पदाधिकारियों एवं बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं के लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से स्वीकृति एवं ऋण वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत प्राप्ति हो सके।
साथ ही, जिला पदाधिकारी ने बताया कि बिहार सरकार के उद्योग विभाग के निर्देशानुसार बेगूसराय जिले में संचालित भारत सरकार की विभिन्न महत्वाकांक्षी योजनाओं के शत-प्रतिशत लक्ष्य की प्राप्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से दिनांक 06 फरवरी 2026 (शुक्रवार) को अपराह्न 01:30 बजे से कारगिल विजय सभा भवन, समाहरणालय परिसर, बेगूसराय में एक विशेष ‘ऋण स्वीकृति एवं वितरण मेगा कैंप’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा कैंप जिले के युवाओं, महिला उद्यमियों एवं संभावित उद्यमियों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को गति मिलेगी और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा प्राप्त होगा।
इस कैंप के दौरान वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत चयनित लाभार्थियों को प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP-1 एवं 2), प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना (PMFME) तथा प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना (PM Vishwakarma) के तहत ऋण स्वीकृति एवं वितरण पत्र प्रदान किए जाएंगे।
जिला पदाधिकारी द्वारा सभी बैंकों के अंचल प्रबंधक, क्षेत्रीय प्रबंधक, जिला समन्वयक एवं शाखा प्रबंधकों को निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित लाभार्थियों के साथ कैंप में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें, ताकि स्वीकृत ऋण आवेदनों के स्वीकृति पत्रों का वितरण तथा भुगतान प्रक्रिया स्थल पर ही सुचारु रूप से संपन्न कराई जा सके।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि स्वरोजगार आधारित योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन जिले के आर्थिक सशक्तिकरण एवं रोजगार सृजन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है, इसलिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
बैठक में उद्योग विभाग के पदाधिकारी, संबंधित बैंक प्रतिनिधि तथा अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।



