पुलिस ने किया मोबाइल लुटेरों का नेटवर्क ध्वस्त, दुकानदार सहित दो गिरफ्तार!

SHARE:

रिपोर्टर– राजीव कुमार झा!

राहगीरों का लूट लेता था मोबाइल, लुटेरों का हुआ पर्दाफाश, बाइक भी जब्त

सड़कों पर रहती थी दहशत, सात फोन जब्त, कारोबारियों भी पकड़ा गया

मधुबनी जिले के जयनगर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं ने आम जनमानस में दहशत का माहौल पैदा कर दिया था। सरक पर चलते राहगीरों को निशाना बनाकर दिनदहाड़े मोबाइल छीनने वाले शातिरों के संगठित गिरोह पर जयनगर पुलिस ने कमर तोड़ने वाला प्रहार किया है। विशेष निगरानी, तकनीकी सर्विलांस और गुप्त सूत्रों की मदद से पुलिस ने एक बड़े मोबाइल लूट गिरोह का पर्दाफाश कर लिया है। कार्रवाई में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, पकड़े गए आरोपीयों मे एक स्थानीय मोबाइल कारोबारी भी शामिल है। आरोपियों के कब्जे से सात संदिग्ध मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार, जयनगर शहर और आसपास के इलाकों में बीते एक माह से अधिक समय से मोबाइल लूट की शिकायतें थाना क्षेत्र मे तेजी से बढ़ रही थीं। अज्ञात बाइक सवार बदमाश राहगीरों, खासकर युवाओं और महिलाओं को निशाना बनाते हुए तेज रफ्तार बाईक से मोबाइल छीनकर फरार हो जाते थे। वारदातों से स्थानीय निवासियों में असुरक्षा की भावना घर कर गई थी, जिससे बाजारों और सड़कों पर लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा था। मामले की गंभीरता को भांपते हुए थानाध्यक्ष अमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल विशेष अभियान शुरू किया। संदिग्ध वाहनों और गतिविधियों पर नजर रखी गई, साथ ही सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया गया। जांच के दौरान खुलासा हुआ कि लूटे गए मोबाइल फोन स्थानीय स्तर पर ही एक नेटवर्क के जरिए बेचे जा रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर थाना मुख्यालय स्थित ब्लॉक रोड इलाके में छापेमारी की गई, जहां से एक मोबाइल दुकानदार को हिरासत में लिया गया। कड़ी पूछताछ में उसकी संलिप्तता साबित होने के बाद गिरोह के दूसरे सदस्य को भी धर दबोचा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुकेश कुमार, गांव पड़वा, थाना जयनगर , आशीष कुमार, गांव सुभाष चौक जयनगर, थाना जयनगर के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि बरामद मोबाइल फोन हाल की स्नैचिंग और चोरी की कई वारदातों से जुड़े हैं, जबकि जब्त मोटरसाइकिल लूट की घटनाओं में प्रयुक्त होती थी। थानाध्यक्ष अमित कुमार ने आज थाने में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश तेज कर दी गई है और उनके ठिकानों पर लगातार छापेमारी जारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि चोरी के मोबाइल खरीदने-बेचने या अनलॉक करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रेस वार्ता में थाना पुलिस के साथ ही पैंथर बल के जवान भी मौजूद रहे। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल छिनतई की किसी भी घटना की सूचना हेल्पलाइन 112 या नजदीकी थाने को बिना देर किए दें। साथ ही, बिना वैध बिल या कागजात वाले सेकेंड हैंड मोबाइल खरीदने से बचें, ताकि अपराधियों को संरक्षण न मिले। इस कार्वाई से जयनगर पुलिस ने अपनी सतर्कता का परिचय दिया है, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सास ली है।

Join us on: