:- रवि शंकर अमित!
पटना: बिहार के उपमुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री श्री विजय कुमार सिन्हा ने विभाग के कार्यों को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा प्रोत्साहित किए जाने पर अपना हृदय से आभार व्यक्त किया है। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जी के नेतृत्व में राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग आम जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहा है।
उपमुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि विभाग ने प्रदेश के सभी जिलों में ‘भूमि सुधार जन कल्याण संवाद’ नामक एक विशेष अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत जिला स्तर पर अधिकारियों के साथ बैठकें की जा रही हैं, ताकि भूमि से जुड़ी जटिल समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। मुख्यमंत्री द्वारा विभाग के इन प्रयासों की सराहना और इसे लेकर किए गए ट्वीट ने पूरे विभाग का मनोबल बढ़ाया है।
श्री सिन्हा ने रेखांकित किया कि वर्तमान में न्यायालयों पर मुकदमों का एक बड़ा बोझ भूमि विवादों के कारण ही है। जमीन से जुड़े विवाद न केवल कानूनी जटिलताएँ पैदा करते हैं, बल्कि इससे सामाजिक सौहार्द भी बिगड़ता है और पारिवारिक तनाव बढ़ता है। इन सभी समस्याओं के समाधान के लिए पारदर्शी तरीके से पैमाइश (मापी) और विवादों का निपटारा आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि विभाग द्वारा अप्रैल माह से उन जमीनों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा जिनकी मापी विवादित रही है। विभाग एक पारदर्शी व्यवस्था के तहत इन विवादों का स्थाई समाधान निकालने की दिशा में काम करेगा ताकि आम जनता को राहत मिल सके।
उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन और विभाग की सक्रियता से बिहार में भूमि सुधार का सपना धरातल पर उतरेगा और आम जनता को कार्यालयों के चक्कर काटने से मुक्ति मिलेगी।




