सुधा मिल्क पार्लर का भव्य उद्घाटन, पर्यटन मंत्री ने कहा स्थानीय लोगों को मिलेगा शुद्ध दुग्ध उत्पाद!

SHARE:

रिपोर्ट– राजीव कुमार झा!

मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड मुख्यालय स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के मुख्य गेट के समीप सोमवार को महादेव सुधा मिल्क पार्लर का विधिवत शुभारंभ किया गया। बिहार सरकार के पर्यटन, कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने फीता काटकर सुधा मिल्क पार्लर का उद्घाटन किया। उद्घाटन के मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान मंत्री अरुण शंकर प्रसाद का स्वागत मिथिला की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा के अनुसार पाग, माला एवं दुपट्टा पहनाकर किया गया। उपस्थित लोगों ने मंत्री का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।

अपने संबोधन में मंत्री अरुण शंकर प्रसाद ने कहा कि सुधा मिल्क पार्लर का उद्देश्य आम लोगों तक शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं भरोसेमंद दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि ऐसे पार्लर खुलने से न केवल उपभोक्ताओं को लाभ मिलेगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे। सरकार दुग्ध उत्पादकों को प्रोत्साहित करने एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी अनिल कुमार, अंचलाधिकारी विकास कुमार, चिकित्सा प्रभारी मनी भूषण यादव सहित हरिचंद्र शर्मा, चंदन ठाकुर, नुनु झा, मुखिया भरत लाल मंडल, कैलाश महतो एवं अन्य सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से इस पहल को बासोपट्टी प्रखंड के लिए उपयोगी बताते हुए इसके सफल संचालन की कामना की।

उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। लोगों का कहना था कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के समीप सुधा मिल्क पार्लर खुलने से मरीजों, उनके परिजनों एवं आम नागरिकों को शुद्ध दूध, दही, लस्सी, घी, पनिर सहित अन्य दुग्ध उत्पाद सामग्री आसानी से उपलब्ध होंगे।

कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा क्षेत्र के विकास में इस तरह की योजनाओं की निरंतरता की उम्मीद जताई गई।

Join us on: