जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिले में मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का आयोजन!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

कला एवं संस्कृति विभाग तथा जिला प्रशासन, बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में जिले में मकर संक्रांति महोत्सव–2026 का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ गंगा नदी के पावन तट स्थित सिमरिया धाम में किया गया।

महोत्सव का शुभारंभ जिला पदाधिकारी बेगूसराय श्री श्रीकांत शास्त्री द्वारा दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, सहायक समाहर्ता, नगर आयुक्त सहित अन्य जिलास्तरीय पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का आरंभ बिहार गान से हुआ।

बिहार गान के उपरांत जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी श्याम कुमार सहनी तथा उपाधीक्षक शारीरिक शिक्षा बिट्टू कुमार सिंह द्वारा सभी आगत अतिथियों का हरित पौधा एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया गया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत मिथिलांचल संगीत महाविद्यालय के कलाकारों द्वारा मधुर लोकगीतों की प्रस्तुति दी गई, वहीं साक्षी नृत्य समूह द्वारा बिहार के पारंपरिक लोकनृत्यों की भव्य प्रस्तुति की गई। लोकगीत एवं लोकनृत्य के सुंदर संगम ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया, जिसकी उपस्थित अतिथियों ने मुक्तकंठ से प्रशंसा की।

महोत्सव के विशेष आकर्षण के रूप में पतंग उत्सव, गिल्ली-डंडा, रस्साकशी, रंगोली एवं पेंटिंग प्रतियोगिता तथा पारंपरिक दही-चूड़ा भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन पर सभी कलाकारों एवं प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाले बच्चों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मकर संक्रांति महोत्सव–2026 ने जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं लोक परंपराओं को सजीव रूप में प्रस्तुत करते हुए सामाजिक समरसता का संदेश दिया।

Join us on: