मुंगेर- सड़क सुरक्षा सप्ताह का शुभारंभ, डीएम ने जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।

SHARE:

रिपोर्ट – सुमित कुमार

-मुंगेर: जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण एवं आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गुरुवार को सड़क सुरक्षा सप्ताह कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। समाहरणालय के मुख्य द्वार के समीप आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी, अपर समाहर्ता मनोज कुमार, उप विकास आयुक्त अजीत कुमार सिंह तथा जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला ने संयुक्त रूप से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
यह जागरूकता रथ राज्य सरकार के निर्देशानुसार परिवहन विभाग के माध्यम से जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं शहरी क्षेत्रों में भ्रमण करेगा और आम लोगों को सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतकों तथा वाहन चलाते समय बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी देगा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाएं गंभीर चिंता का विषय हैं, जिनमें अनेक लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है। ऐसे में दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया एवं वाणिज्यिक वाहन चालकों के लिए यातायात नियमों की जानकारी और उनका पालन अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि हेलमेट, सीट बेल्ट का उपयोग, निर्धारित गति सीमा का पालन तथा यातायात संकेतों का सम्मान कर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। वहीं जिला परिवहन पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार अलबेला ने बताया कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत एक माह तक व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दौरान पेंटिंग, भाषण, रंगोली, सेमिनार सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। साथ ही आम लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाए जाएंगे।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे स्वयं जागरूक बनें और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करें।

Join us on: