मोतिहारी- नुक्कड़ नाटक के जरिये स्कूली बच्चों ने दिया यातायात नियमों के पालन का संदेश!

SHARE:

रिपोर्ट- धर्मेंद्र कुमार!

कचहरी चौक पर सड़क सुरक्षा का संदेश, माउंट लिटेरा स्कूल के बच्चों ने किया प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक

हेलमेट पहनना जीवन की सुरक्षा, पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने की आमजन से अपील

यातायात नियमों को लेकर मोतिहारी में जागरूकता अभियान तेज

एसपी व यातायात डीएसपी की मौजूदगी में सड़क सुरक्षा पर सशक्त प्रस्तुति

बच्चों के अभिनय ने दिखाए हेलमेट न पहनने के दुष्परिणाम

सड़क दुर्घटनाओं पर लगाम के लिए पुलिस का जनजागरूकता प्रयास
मोतिहारी मे सड़क सुरक्षा को लेकर जनजागरूकता के उद्देश्य से शहर के व्यस्त मोतिहारी कचहरी चौक पर एक प्रभावशाली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात की अध्यक्षता तथा पुलिस उपाधीक्षक (यातायात एवं साइबर) की उपस्थिति में माउंट लिटेरा स्कूल के छात्र–छात्राओं द्वारा यातायात नियमों के पालन और हेलमेट न पहनने से होने वाले दुष्परिणामों पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बच्चों ने सजीव अभिनय द्वारा यह संदेश दिया कि थोड़ी सी लापरवाही किस तरह जानलेवा साबित हो सकती है। हेलमेट न पहनने, तेज रफ्तार और यातायात नियमों की अनदेखी से होने वाली दुर्घटनाओं को प्रभावी ढंग से मंचित कर आमजन को सोचने पर मजबूर किया गया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने दोपहिया वाहन चालकों से स्वयं हेलमेट पहनने और अपने परिवारजनों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की। एसपी ने कहा कि हेलमेट सिर्फ चालान से बचने का साधन नहीं, बल्कि जीवन रक्षक कवच है, जो सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को काफी हद तक रोक सकता है। कार चालक जो है सीटबेल्ट का इस्तेमाल करे।
पुलिस अधीक्षक ने यातायात नियमों के पालन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि नियमों का पालन करने से न केवल स्वयं की सुरक्षा सुनिश्चित होती है, बल्कि दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रहता है। कार्यक्रम के दौरान संबंधित अधिकारियों को जनजागरूकता अभियान को निरंतर जारी रखने के आवश्यक निर्देश भी दिए गए।
नुक्कड़ नाटक को देखने के लिए बड़ी संख्या में राहगीर और स्थानीय लोग रुके, जिन्होंने बच्चों की प्रस्तुति की सराहना करते हुए सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने का संकल्प लिया।

बाइट :—- स्वर्ण प्रभात, एसपी मोतिहारी।

Join us on: