बेगूसराय- राज्य स्तरीय क्रिकेट बालक (अंडर-14) खेल प्रतियोगिता के छठे दिन का शुभारंभ गाँधी स्टेडियम में!

SHARE:

:- रवि शंकर अमित!

बिहार राज्य खेल प्राधिकरण एवं खेल विभाग, बिहार सरकार तथा जिला प्रशासन बेगूसराय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित राज्य स्तरीय अंतर-प्रमंडल विद्यालय क्रिकेट बालक (अंडर-14) खेल प्रतियोगिता 2025–26 के छठे दिन का शुभारंभ गांधी स्टेडियम, बेगूसराय में हुआ। दिन के मुकाबलों में मुंगेर ने पूर्णिया को तथा सारण ने कोशी को पराजित किया। मुंगेर के देवराज राणा एवं सारण के समर्थ मिश्रा को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला खेल पदाधिकारी श्री बिट्टू सिंह द्वारा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपार संभावनाएँ हैं। खेल के माध्यम से आज खिलाड़ी न केवल रोजगार बल्कि सरकारी सेवाओं में भी अपना स्थान बना रहे हैं। बेगूसराय जिला एवं बिहार राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर जिले और राज्य का नाम रोशन कर रहे हैं। राष्ट्रीय खेलों में भी बिहार के सैकड़ों खिलाड़ी कड़ी मेहनत के बल पर भागीदारी कर रहे हैं।
दिन के पहले मुकाबले में मुंगेर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। मुंगेर की टीम ने निर्धारित 16 ओवरों में 9 विकेट खोकर 135 रन बनाए। टीम की ओर से देवराज राणा ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 50 गेंदों में 50 रन बनाए, जबकि अमन ने 22 गेंदों में 27 रनों का योगदान दिया। पूर्णिया की ओर से गेंदबाजी करते हुए अनुराग आरजू ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट तथा रौनक कुमार ने 3 ओवर में 21 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पूर्णिया की टीम निर्धारित 16 ओवरों में 10 विकेट खोकर मात्र 90 रन ही बना सकी। पूर्णिया की ओर से रौनक कुमार ने 25 गेंदों में 26 रन तथा शादाब अली ने 16 गेंदों में 15 रन बनाए। मुंगेर की ओर से गेंदबाजी में अरवाज अली ने 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट और आर्यन दीनदयाल केसरी ने 3 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट लिए। इस प्रकार मुंगेर ने पूर्णिया को 45 रनों से पराजित किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए देवराज राणा को ‘मैन ऑफ द मैच’ घोषित किया गया।
दिन के दूसरे मुकाबले में सारण ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी कोशी की टीम 12.1 ओवर में 78 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। कोशी की ओर से उज्ज्वल कुमार सिंह ने 20 गेंदों में सर्वाधिक 18 रन तथा निहाल राज ने 19 गेंदों में 13 रन बनाए। सारण की ओर से गेंदबाजी करते हुए समर्थ मिश्रा ने 1.1 ओवर में मात्र 3 रन देकर 3 विकेट झटके, जबकि अक्षित ने 2 ओवर में 1 मेडन सहित 5 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सारण प्रमंडल की टीम ने 11.4 ओवर में 3 विकेट खोकर 83 रन बनाते हुए मैच को 7 विकेट से अपने नाम कर लिया। सारण की ओर से तेजस्वी ने 16 गेंदों में 32 रन बनाए, वहीं आयुष पटेल ने 31 गेंदों में 17 रनों का योगदान दिया। कोशी की ओर से गेंदबाजी में आशीष चंद्र ने 4 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट तथा युवराज ने 2 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट लिया। शानदार गेंदबाजी प्रदर्शन के लिए सारण के समर्थ मिश्रा को ‘मैन ऑफ द मैच’ पुरस्कार प्रदान किया गया।
इस अवसर पर बेगूसराय जिला क्रिकेट संघ के सचिव श्री मृत्युंजय कुमार वीरेश, शारीरिक शिक्षक विश्वजीत कुमार, अरविंद कुमार, दीपक, चिरंजीवी ठाकुर, अरुणव पंकज, दीपक कुमार दीप, शशिकांत, शुभम, रितेश, मणिकांत, क्रिकेट खिलाड़ी मुरारी कुमार, सुमित कुमार सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। स्कोरर की भूमिका शिक्षक राहुल कुमार एवं अभय शंकर आर्या ने कुशलतापूर्वक निभाई, जबकि उद्घोषक एवं मंच संचालन की जिम्मेदारी शिक्षक सुमित कुमार द्वारा निभाई गई।

Join us on: