संवाददाता :- विकास कुमार
पतरघट प्रखंड कार्यालय में विजिलेंस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार कर्मचारी की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, आरोपी राजस्व कर्मचारी जमीन के दाखिल-खारिज के नाम पर आवेदक से पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग कर रहा था। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत विजिलेंस विभाग से की गई, जिसके बाद टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया।
शिकायत की पुष्टि के बाद विजिलेंस की टीम ने पतरघट प्रखंड कार्यालय में कार्रवाई करते हुए घूस की राशि लेते समय राजस्व कर्मचारी राहुल कुमार को मौके पर ही पकड़ लिया। आरोपी के पास से पांच हजार रुपये बरामद किए गए हैं।
विजिलेंस टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई के बाद प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया है।




