रिपोर्टर — राजीव कुमार झा!
मधुबनी जिले के बासोपट्टी बाजार में पुराना सिनेमा हॉल के सामने एक बर्तन दुकान में बीती रात चोरी की वारदात सामने आई है। पुलिस की सक्रियता से चोरी किए गए सामान में से कई बर्तन बरामद किए गए हैं। इस मामले में एक आरोपी युवक को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार किया है। जबकि दो अन्य आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। जानकारी के अनुसार, बासोपट्टी बाजार के रमेश महतो, पिता अशर्फी महतो की बर्तन दुकान को बीती रात अज्ञात चोरों ने निशाना बनाया। दुकान मालिक ने बताया कि हर दिन की तरह रात भी उन्होंने करीब 08:00 बजे दुकान बंद कर घर चले गए। रात करीब 12:15 बजे अज्ञात चोरों ने दुकान के पीछे जफरी काटकर अंदर प्रवेश किया और दुकान से कीमती धातु व पीतल के बर्तन को ले गया। दुकान से चोरी हुए सामान में पीतल का डोल, हांडी, फुलहा थाली, फुलडाली तथा पूजन में उपयोग होने वाली पीतल की लोटकी शामिल थी। सुबह दुकान खोलने पर चोरी की जानकारी मिलने के बाद मालिक ने तुरंत बासोपट्टी पुलिस को सूचना दी। इस दौरान पुलिस की रात्री गश्ती टीम ने दुर्गा मंदिर बस स्टैंड के पास एक युवक को झोले में बर्तन ले जाते हुए संदिग्ध अवस्था में पकड़ा। पूछताछ में युवक के पास से बरामद सामान की पहचान दुकान मालिक रमेश महतो ने चोरी हुए बर्तनों के रूप में बताया है। गिरफ्तार युवक की पहचान बासोपट्टी थाना क्षेत्र के मोहम्मद नफीस के पुत्र मोहम्मद अरबाज, 19 वर्ष के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपी ने अपने दो फरार साथियों के नाम भी बताए है, जिनकी पहचान बासोपट्टी के मोहम्मद स्वेब के पुत्र मोहम्मद सैफ और मोहम्मद फरमान के पुत्र मोहम्मद इब्रान के रूप में की गई है। इस बाबत बासोपट्टी थाना प्रभारी विकास कुमार ने बताया है कि पुलिस गश्ती टीम की तत्परता से चोरी गए बर्तनों का एक हिस्सा जल्द बरामद कर लिया गया है। गिरफ्तार युवक से पूछताछ जारी है और फरार दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस की छापेमारी चल रही है। आगे थाना प्रभारी ने आगे बताया है कि इस चोरी की घटना को लेकर मामला दर्ज कर लिया गया है।गिरफ्तार युवक को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वही पुलिस अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि रात के समय दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत स्थानीय थाना को दें।




