रिपोर्ट- अमित कुमार!
राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खां ने आज आईआईटी पटना में 14वें इंटर आईआईटी टेक मीट का उद्घाटन किया। देशभर के 23 आईआईटी से आए छात्रों और युवा शोधकर्ताओं की उपस्थिति में आयोजित इस उद्घाटन समारोह में राज्यपाल ने आधुनिक तकनीक, आर्टिफ़िशियल इंटेलिजेंस और नवाचार आधारित भविष्य पर अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि तकनीक-चालित विकास भारत की प्रगति की नई दिशा तय कर रहा है, और युवाओं के पास ऐसे कई अवसर हैं जिनसे देश वैश्विक स्तर पर नई पहचान बना सकता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि इंटर आईआईटी टेक मीट जैसे आयोजन देश के तकनीकी संस्थानों को एक साझा मंच देते हैं और नवाचार की गति को और मजबूत करते हैं।
उद्घाटन सत्र में विभिन्न आईआईटी के प्रतिभागियों ने रोबोटिक्स, मशीन लर्निंग, साइबर सिक्योरिटी, स्पेस टेक्नोलॉजी और उभरती तकनीकों से जुड़ी परियोजनाओं का प्रदर्शन किया।
आईआईटी पटना में आयोजित यह टेक मीट तीन दिनों तक चलेगा, जिसमें प्रतिभागी कई तकनीकी प्रतियोगिताओं, कार्यशालाओं और प्रस्तुतीकरणों में हिस्सा लेंगे।




