रिपोर्ट- संतोष चौहान!
सुपौल :- अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार दिवस के अवसर पर उपकारा वीरपुर में आज कैदियों के बीच एक व्यापक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एसीजेएम वीरपुर अमित आनंद, वरीय उप समाहर्ता सुपौल मुकेश कुमार, प्रोबेशन पदाधिकारी शुभम, डीएलएसए के प्रतिनिधि संजय सिंह एवं अन्य गणमान्य अधिकारी उपस्थित थे।
शिविर में वक्ताओं ने मानवाधिकारों के महत्व, कारागार परिसर में उपलब्ध सुविधाओं, कैदियों की सुरक्षा, सम्मान एवं न्यायसंगत व्यवहार जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने कहा कि संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकार प्रत्येक व्यक्ति के लिए समान हैं और कैदी भी इन अधिकारों के हकदार हैं।
अधिकारियों ने कैदियों को उनके अधिकारों, कर्तव्यों तथा पुनर्वास और कानूनी सहायता से संबंधित प्रावधानों की जानकारी प्रदान की। साथ ही बताया कि जेल प्रशासन एवं न्यायालय कैदियों के कल्याण और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं।
इस अवसर पर कैदियों को मानवाधिकार संबंधी पुस्तिकाएँ भी वितरित की गईं। कार्यक्रम का उद्देश्य कैदियों में जागरूकता बढ़ाना, उनके अधिकारों के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा कारागार में मानवोचित वातावरण को प्रोत्साहित करना था।




