रिपोर्टर शुभम सिन्हा
लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर आरा के बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। नहाय-खाय के साथ ही लोगों ने पूजा की तैयारियां शुरू कर दी हैं, जिससे बाजारों में भीड़ बढ़ गई है। फल, नारियल, ईख, सिंघाड़ा, केला, सूप-दौरा, बांस के टोकरे और पूजा सामग्री की दुकानों पर दिनभर खरीदारों की आवाजाही बनी रही।
महिलाएं छठ के सामान की खरीदारी में जुटी हैं, वहीं दुकानदारों के चेहरों पर भी खुशी झलक रही है। शहर के गोपाली कुंआ, आरण्य देवी, गोला जैसे इलाकों में दुकानों को सजाया गया है। जगह-जगह अस्थायी दुकानों और स्टॉलों पर पूजा से जुड़ी वस्तुएं बिक रही हैं। फल दुकानदार मोहम्मद मकसूद ने बताया कि फल की खरीदारी जोरो पर है। इस पर्व में अभी कोई भी फल महंगा नहीं है।
बाजारों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। दूसरी ओर, सब्जी और फल के दामों में हल्की बढ़ोतरी देखी जा रही है, फिर भी श्रद्धालु उत्साह के साथ खरीदारी कर रहे हैं। पूरे शहर का माहौल छठमय हो गया है। हर गली, हर चौक पर भक्ति, उत्साह और लोक आस्था की झलक साफ दिखाई दे रही है।




