रिपोर्ट- सुमित कुमार!
कुतलूपुर पंचायत में फिर शुरू हुआ गंगा कटाव, एक और पक्का घर गंगा में समाया ग्रामीणों ने विडियो बनाकर किया वायरल।
-मुंगेर : सदर प्रखंड के गंगा पार स्थित कुतलूपुर पंचायत के वार्ड संख्या 6 में गंगा का कटाव शुक्रवार से एक बार फिर शुरू हो गया है। शुक्रवार की देर शाम कटाव ने विकराल रूप धारण करते हुए संपति पासवान का पक्का मकान पूरी तरह गंगा में समा दिया। इस घर में बीस से अधिक लोग रहते थे, जो अब बेघर होकर आसपास के घरों में शरण लिए हुए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में इस वार्ड में एक दर्जन से अधिक घर गंगा की धारा में विलीन हो चुके हैं। अब फिर से कटाव शुरू होने से लोगों में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि यदि कटाव पर रोक नहीं लगाई गई तो आने वाले दिनों में और भी कई घर गंगा में समा सकते हैं।
कटाव से पीड़ित लोगों का कहना है कि उन्होंने बार-बार जिला प्रशासन से ऊंचे स्थान पर विस्थापन और कटावरोधी उपाय की मांग की है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। गंगा के कहर से परेशान लोग लगातार प्रशासनिक मदद की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इधर, कटावग्रस्त परिवारों ने जल्द राहत और पुनर्वास की व्यवस्था करने की गुहार लगाई है।




