रिपोर्ट- अमित कुमार
पटना। फुलवारीशरीफ के हारुन नगर कॉलोनी स्थित लब्बैक हज उमरा ट्रैवल्स के दफ्तर में उमरा पर रवाना होने वाले जायरीनों के लिए विशेष ट्रेनिंग कैंप का आयोजन किया गया। इस मौके पर मुख्य अतिथि मौलाना अयूब निज़ामी ने उमरा की अहमियत, उसके अरकान और सफर के दौरान की जाने वाली इबादतों को लेकर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। उन्होंने कहा कि यह सफर महज ज़ियारत नहीं बल्कि अल्लाह की बारगाह में हाज़िरी का मौका है, इसलिए इसमें सब्र, शुक्र और नियत की पाकीज़गी सबसे अहम है। मौलाना ने जायरीनों को सफर के दौरान पेश आने वाले अमली मसलों पर भी रौशनी डाली।
इस ट्रेनिंग कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग जुटे और उमरा से जुड़ी बारीकियों को समझा। लब्बैक हज उमरा ट्रैवल्स की डायरेक्टर बुशरा फातिमा ने बताया कि उनकी एजेंसी से 40 जायरीन की टीम 16 जुलाई को सऊदी अरब के लिए रवाना होगी, जिनके रहन-सहन, खानपान और तमाम इबादतों के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आगे भी इस तरह के ट्रेनिंग प्रोग्राम लगातार आयोजित किए जाएंगे, ताकि हर जायरीन को रवानगी से पहले पूरी तैयारी के साथ रवाना किया जा सके।




