रिपोर्ट-विक्रम उपाध्याय/खगड़िया!
आज जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार एवं उप विकास आयुक्त (DDC) द्वारा चौथम प्रखंड के तैलोंछ पंचायत तथा गोगरी प्रखंड के महेशखुंट एवं रामपुर पंचायत का दौरा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने विशेष सघन पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत आम जनता को जागरूक किया और कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की।भ्रमण के दौरान उन्होंने आम नागरिकों और पंचायत प्रतिनिधियों से सीधे संवाद किया।
एक पंचायत मुखिया ने बताया कि “बीएलओ घर-घर जाकर कार्य कर रहे हैं और नाम जोड़ने के लिए एन्युमरेशन फॉर्म भरवाने में कोई परेशानी नहीं है।”
हालांकि रामपुर पंचायत भ्रमण के दौरान एक बुज़ुर्ग परिवादी ने शिकायत की कि बीएलओ ने कहा कि “मैं 10 दिन बाद फॉर्म लेने आऊंगा।”
इस पर जिलाधिकारी श्री नवीन कुमार ने तत्काल मौके पर बीएलओ को बुलाकर पूछताछ की। जांच में यह पाया गया कि बीएलओ ने मात्र 8 एन्युमरेशन फॉर्म ही भरे थे और उनमें से एक भी फॉर्म अपलोड नहीं किया गया था।
इस लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए उक्त बीएलओ को कार्य से हटा दिया गया और उसके स्थान पर अन्य बीएलओ की नियुक्ति की गई, साथ ही उसका मानदेय भी रोका गया।
श्री नवीन कुमार ने सभी निर्वाचन निबंधन पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सुविधा केंद्रों पर समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बीएलओ को यह भी निर्देश दिया गया कि वे तत्परता एवं जिम्मेदारी से कार्य करे।




