:- रवि शंकर अमित!
लखीसराय जिला स्थापना दिवस पर ‘जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन, जनसमस्याओं के समाधान हेतु अधिकारियों को दिए निर्देश
लखीसराय, 3 जुलाई — जिले के गौरवशाली 32वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आज भव्य समारोह के पश्चात लखीसराय अतिथिशाला में ‘जन कल्याण संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न हिस्सों से आए नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं।
उपमुख्यमंत्री की गरिमामयी उपस्थिति में, प्रशासनिक पदाधिकारियों ने जनता की बातों को गंभीरता से सुना। डिप्टी सीएम ने कहा कि इस संवाद का मुख्य उद्देश्य, जनता की भागीदारी से जिले की सामाजिक, आर्थिक, शैक्षणिक और आधारभूत संरचना से जुड़ी समस्याओं को समझना और उनका त्वरित समाधान सुनिश्चित करना है।
जन संवाद के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, जलापूर्ति, बिजली, कृषि, रोजगार, महिला सशक्तिकरण, वृद्धजन कल्याण तथा दिव्यांगजनों से संबंधित मुद्दों पर जनता ने अपनी बातें रखीं। इन मामलों पर विस्तार से चर्चा करते हुए, प्रशासन ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही कई समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए हैं।
डिप्टी सीएम ने बताया कि, इस संवाद से प्राप्त जानकारी के आधार पर शीघ्र ही एक व्यापक कार्य योजना तैयार की जाएगी, ताकि स्थानीय विकास में तेजी लाई जा सके। साथ ही, यह भी आश्वासन दिया गया कि जिन समस्याओं का तत्काल समाधान संभव नहीं हो पाया है, उनके निपटारे के लिए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
धन्यवाद!!




